भोपालमध्य प्रदेश

MP News : पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान का शुभारंभ किया, हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना

भोपाल। भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस ने आज से देशभर में ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान की शुरुआत की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल के मुगालिया छाप गांव स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ‘हाथ से हाथ जोड़ो’अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के दौरान पार्टी आम जनता से जुड़ने की कोशिश करेगी।

‘देश की संस्कृति पर किया जा रहा हमला’

इस दौरान कमलनाथ ने संबोधित करते हुए कहा कि अपने देश की संस्कृति दिल, संबंध और रिश्ते जोड़ने की संस्कृति है। उस संस्कृति पर बड़ा हमला किया जा रहा है। धर्म जाति अथवा भाषा के नाम पर समाज को बरगलाने का और ध्यान मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाला चुनाव हमारी संस्कृति और हमारे संविधान की रक्षा करने का अवसर है। आप सबके सामने यह एक बड़ी जिम्मेदारी है कि कैसा देश और कैसा प्रदेश हम आने वाली पीढ़ियों को सौंपना चाहते हैं।

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सभा को संबोधित किया।

‘एमपी की पहचान मिलावट से नहीं हो सकती’

कमलनाथ ने कहा कि 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब ऐसा प्रदेश मेरे हाथों में सौंपा गया था जो बेरोजगारी में नंबर वन, किसानों की आत्महत्या में नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन, कुपोषण में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नंबर वन था। हमने नए सिरे से शुरुआत करने का प्रयास किया था, किसानों को सस्ती बिजली देने का कार्य किया, किसानों का कर्जा माफ किया। 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी, मैंने प्रयास किया था कि मध्य प्रदेश की एक नई पहचान बनाई जाए, मेरा मानना था कि मध्य प्रदेश की पहचान मिलावट से नहीं हो सकती, माफिया से नहीं हो सकती।

शिवराज सरकार पर कमलनाथ का निशाना

कमलनाथ ने कहा कि 18 साल में शिवराज सरकार ने इस प्रदेश को आखिर दिया क्या है ? बेरोजगारी दी, किसानों पर लाठियां दी, भ्रष्टाचार दिया और पूरे प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया। जहां देखो वहीं महिला, युवतियां और बच्चियां अपराधियों का शिकार हो रही हैं। दुष्कर्म की घटनाओं ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। शिवराज बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, उनको तो कलाकारी करने मुंबई चले जाना चाहिए।

कमलनाथ ने ग्राम के बुर्जुगों का शॉल श्रीफल से सम्मान किया।

‘ज्यादा से ज्यादा लोग अभियान का हिस्सा बनें’

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश भर में ज्यादा से ज्यादा लोग ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान का हिस्सा बनें। आज प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने हैं, भाजपा की जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान है। आप सब सच्चाई का साथ दीजिए, यदि सच्चाई को आपने समझ लिया तो मैं विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस का झंडा विधानसभा में लहराएगा और प्रदेश की एक नई पहचान बनेगी, प्रदेश के भविष्य का नया इतिहास लिखा जाएगा।

3 महीने चलेगा ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान

‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान 26 मार्च को खत्म होगा। इस डोर टू डोर कैंपेन में कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस राहुल गांधी का चिट्टी पहुंचाएंगे। इसके लिए राहुल गांधी ने जनता के नाम एक पत्र लिखा है। इस पत्र को कांग्रेस पार्टी घर-घर ले जाकर लोगों को सौंपेगी। इसमें कांग्रेस के नेतृत्व में एक स्वर्णिम भारत का वादा किया गया है। जानकारी के मुताबिक, तीन महीने के इस चुनावी अभियान में कांग्रेस 10 लाख मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी और 2.5 लाख ग्राम पंचायतें, 6 लाख गांवों और हर राज्य में जाएगी।

अभियान का उद्देश्य

इस अभियान के तहत भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाएगा। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है। पदयात्रा में इस भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएगी। राहुल गांधी के पत्र और कांग्रेस की चार्जशीट में वह सार है, जो लोगों ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को बताया था।

यात्रा के समापन का मतलब यह नहीं कि काम खत्म हो गया

एआईसीसी मीडिया विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा ने कहा, “30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के समापन का मतलब यह नहीं है कि काम खत्म हो गया है। यात्रा का पहला चरण खत्म हो जाएगा, लेकिन उसके बाद भी यात्रा का मकसद जारी रहेगा।”

ये भी पढ़ें- इंदौर : महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने झंडावंदन कर बड़ी घोषणा की, कहा- निगम में इंटर्नशिप कर सकेंगे युवा

संबंधित खबरें...

Back to top button