अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरराष्ट्रीय

इमरान खान के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वॉरंट जारी, महिला जज को धमकाने के मामले में कार्रवाई

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ इस्लामाबाद की एक अदालत ने गैर जमानती वॉरंट जारी कर दिए। महिला जज को धमकाने के मामले में देश की एक अदालत ने उन्हें गिरफ्तार कर 29 मार्च तक कोर्ट के समक्ष पेश करने का आदेश दिया है। इसके पहले खान के खिलाफ 3 मामलों में गिरफ्तारी वॉरंट जारी हो चुके हैं। इनमें से एक में उन्हें फिलहाल जेल जाने से राहत मिल चुकी है। पिछले साल 20 अगस्त को इमरान ने अपने खिलाफ आदेश देने वाली जेबा चौधरी को कोर्ट परिसर में धमकी दी थी। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने धमकी भरे लहजे में उन्हें देख लेने को कहा था।

आज की अन्य खबरें…

मुंबई में बीमार मां के लिए दवा लेने गई नाबालिग के साथ गैंगरेप

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस मामले में बांद्रा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, 2 मार्च रात करीब 1 बजे नाबालिग लड़की अपनी बीमार मां के लिए दवा लेने जा रही थी। उसी दौरान 2 आरोपियों ने उसे अगवा कर लिया। आरोपी उसे विरार, पालघर जिले में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसका वीडियो बना लिया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। नाबालिग लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने 11 मार्च को दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।

 

नेपाल के नए राष्ट्रपति बने रामचंद्र पौडेल, चीफ जस्टिस ने दिलाई शपथ

काठमांडू। नेपाल में रामचंद्र पौडेल ने सोमवार को नेपाल के राष्ट्रपति पद की शपथ ली। काठमांडू में राष्ट्रपति भवन में नेपाल के कार्यकारी चीफ जस्टिस हरिकृष्ण कार्की ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनका मुकाबला सीपीएन-यूएमएल के सुभाष चंद्र नेम्बवांग से था। चुनाव में रामचंद्र पौडेल को 33,802 वोट मिले थे। नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पौडेल को 9 मार्च को नेपाल का तीसरा राष्ट्रपति चुना गया था। राष्ट्रपति बनने से पहले रामचंद्र 5 बार मंत्री और एक बार स्पीकर रह चुके हैं।

दिल्ली के विधायकों की सैलरी में 66% का इजाफा, अब हर माह मिलेंगे 90 हजार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के विधायकों की सैलरी में 66% की बढ़ोतरी की गई है। अब विधायकों को हर महीने 90 हजार रुपए मिलेंगे। अभी तक विधायकों को 54 हजार रुपए मिलते थे। बजट सत्र से पहले विधायकों की सैलरी, पेंशन और भत्तों को बढ़ाने के प्रस्ताव को राष्ट्रपति से मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा मंत्रियों और मुख्यमंत्री के वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री का वेतन अब बढ़कर 1.70 लाख रुपए प्रति महीने हो गया है। दिल्ली सरकार के कानून, न्याय और विधायी मामलों के विभाग ने नोटिफिकेशन जारी कर इस बारे में जानकारी दी है।

पहले अब  बढ़ोतरी प्रतिशत में 
विधायक 54000 90000 66%
मंत्री-सीएम-स्पीकर-विपक्ष के नेता 72000 1.70 लाख 136%

लंदन में राहुल की टिप्पणी को लेकर राज्यसभा में हंगामा

लंदन में राहुल गांधी के लोकतंत्र संबंधी बयान को लेकर सोमवार को राज्यसभा में हंगामा हो गया। यहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। हंगामे की वजह से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर दिवंगत पूर्व सदस्य नरेंद्र प्रधान को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके तुरंत बाद पीयूष गोयल ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा- विपक्ष के एक नेता ने विदेशी धरती से ‘शर्मनाक तरीके’ से भारत के लोकतंत्र के बारे में ‘अनाप-शनाप’ बातें की हैं। उन्होंने कहा- ‘विपक्ष के नेता ने भारत, भारत की सेना, भारत के लोकतंत्र, मीडिया, सुप्रीम कोर्ट, निर्वाचन आयोग का अपमान किया है। गाेयल ने इसके लिए माफी मांगने की बात की, जिस पर हंगामा हो गया।

बहादुरगढ़ में तीर्थ यात्रियों से भरी बस पलटी, 35 से ज्यादा लोग घायल

बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में सोमवार सुबह तीर्थ यात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर तीर्थ यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अचानक पलट गई। हादसे में 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। सभी श्रद्धालु राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन करके वापस राजधानी दिल्ली लौट रहे थे।

बस में सवार लोगों ने बताया कि, वे रविवार सुबह 10 बजे राजधानी दिल्ली के रावल नगर क्षेत्र स्थित सिग्नेचर ब्रिज के पास से बस में सवार होकर खाटू श्याम मंदिर में मत्था टेकने के लिए निकले थे। दर्शन करके वापस लौटने के दौरान बस का ड्राइवर नशे की हालत में था और बस तेज रफ्तार से चला रहा था। जिसकी वजह से दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

संबंधित खबरें...

Back to top button