ताजा खबरराष्ट्रीय

तमिलनाडु BJP अध्यक्ष अन्नामलाई पर FIR दर्ज, जानें क्या है वजह

तमिलनाडु। चेन्नई की साइबर क्राइम यूनिट ने तमिलनाडु के भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है। के. अन्नामलाई ने राज्य में प्रवासी मजदूरों पर कथित हमलों को लेकर सत्तारूढ़ डीएमके पार्टी को जिम्मेदार ठहराया था। फर्जी खबरों से डीएमके को जोड़ने के मामले में उनपर एक्शन लिया गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बिहार के प्रवासी मजदूरों को बेरहमी से पीटे जाने का दावा किया गया। तमिलनाडु पुलिस ने बाद में बताया कि, यह वीडियो फर्जी और भ्रामक थे। पुलिस ने शनिवार (4 मार्च) को  इस मामले में दो पत्रकारों समेत तीन पर केस दर्ज किया था।

महाराष्ट्र 12वीं बोर्ड पेपर लीक मामले में पुलिस ने की कार्रवाई

मुंबई। महाराष्ट्र बोर्ड का 12वीं क्लास का गणित का पेपर लीक करने के मामले में तीन छात्रों सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र में बीते दिन 12वीं कक्षा के गणित विषय का बॉर्ड की परिक्षा थी। लेकिन पेपर शुरू होने से 30 मिनट पहले ही गणित का पेपर लीक हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दादर के डॉ.एंटोनियो डिसिल्वा हाई स्कूल और जूनियर कॉलेज में एक स्टूडेंट के फोन से क्वेश्चन पेपर पकड़ा गया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

तुनिषा शर्मा सुसाइड केस में ठाणे जेल से रिहा हुए शीजान खान

मुंबई। तुनिषा शर्मा सुसाइड केस में मुख्य आरोपी शीजान खान दो महीने बाद रविवार को जेल से रिहा हो गया। टीवी सीरियल अलीबाबा: दास्तान ए काबुल के एक्टर शीजान खान करीब 70 दिनों बाद ठाणे जेल से बाहर आए। शनिवार को वसई कोर्ट ने उसे 1 लाख के बॉन्ड पर जमानत दे दी थी।

तुनिषा ने 24 दिसंबर 2022 को शूटिंग के सेट पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। तुनिषा की मां की शिकायत पर शीजान को 25 दिसंबर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वो तभी से जेल में बंद था। काफी समय से शीजान की जमानत याचिका खारिज हो रही थी।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में 21 मिनट में तीन बार आया भूकंप

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में शनिवार देर रात एक के बाद एक तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 2.5 दर्ज की गई। इन भूकंप के झटकों से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। इस दौरान किसी तरह के जान-माल की कोई सूचना नहीं है। इसका केंद्र तहसील भटवाड़ी के सिरोह के जंगल में बताया जा रहा है। पहला झटका रात 12:40, दूसरा झटका 12:45 व तीसरा झटका 01:01 पर महसूस किया गया।

बांग्लादेश: ऑक्सीजन प्लांट में विस्फोट से 6 लोगों की मौत

 

बांग्लादेश में चटगांव के सीताकुंड उपजिला के कदम रसूल (केशबपुर) इलाके में शनिवार शाम एक ऑक्सीजन प्लांट में विस्फोट हो गया। इस धमाके के बाद आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए। मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, ऑक्सीजन प्लांट में विस्फोट का असर ऐसा था कि इससे दो वर्ग किलोमीटर के दायरे में इमारतें हिल गईं।

ऑक्सीजन प्लांट में जहां पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं ऑक्सीजन प्लांट से करीब एक किलोमीटर दूर अपनी दुकान कदम रसूल बाजार में बैठे 65 वर्षीय शमशुल आलम की धातु की वस्तु गिरने से मौत हो गई। विस्फोट किस वजह से हुआ, फिलहाल यह बता नहीं चल पाया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button