ताजा खबरराष्ट्रीय

असम में महिला ने दो बच्चों के साथ ब्रह्मपुत्र नदी में लगाई छलांग, तलाशी अभियान जारी

डिब्रूगढ़। असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक महिला ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों के साथ ब्रह्मपुत्र नदी में छलांग लगा दी। अधिकारियों के अनुसार, पुल से एक बैग बरामद किया गया जिसमें कपड़े, एक मोबाइल फोन और तीन जोड़ी चप्पल थीं। पुलिस, SDRF और NDRF कर्मियों ने उन्हें ढूंढने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान पूनम नागनाथ उदगिरी (29) के रूप में हुई है, जबकि दो बच्चों की पहचान आरव (सात) और अर्नव (छह) के रूप में हुई है। महिला का पति महाराष्ट्र का रहने वाला है और सेना में कार्यरत हैं तथा फिलहाल अरुणाचल प्रदेश के लिकाबाली में तैनात हैं। उनसे संपर्क किया गया है और वे लिकाबाली से आ रहे हैं।

आज की अन्य खबरें…

जम्मू में सैन्य शिविर पर संदिग्ध आतंकवादी हमला, सेना का जवान गंभीर रूप से घायल

फाइल फोटो

जम्मू। जम्मू में सोमवार को एक सैन्य शिविर की संतरी चौकी पर संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों का पता लगाने और उनका खात्मा करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान जारी है। रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि बाहरी इलाके में स्थित सुंजवान सैन्य स्टेशन पर कुछ राउंड गोलीबारी हुई। घटना में एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। संतरी चौकी पर गोलीबारी करने वाले हमलावरों के बारे में विस्तृत जानकारी दिए बगैर बताया कि हमलावारों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है और इस संबंध में आगे जानकारी दी जाएगी।

इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी में सबसे बड़े सुरक्षा शिविरों में से एक की सुरक्षा में तैनात सेना की एक चौकी पर संदिग्ध आतंकवादियों ने कुछ राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद कुछ देर के लिए गोलीबारी हुई। इलाके में दहशत फैल गई और फरार आतंकवादियों को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने सेना के साथ मिलकर तलाश अभियान शुरू किया। तलाश अभियान जारी है, लेकिन आतंकवादियों से अब तक सामना नहीं हुआ है। इससे पहले फरवरी 2018 में आतंकवादियों ने सुंजवान सैन्य शिविर पर हमला किया था। इस घटना में तीन सैनिक शहीद हो गए थे और एक नागरिक की मौत हो गई थी। वहीं घटना में तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया था।

संबंधित खबरें...

Back to top button