
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त आदेश के बाद अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों को डिपोर्ट करने का सिलसिला जारी है। इसी बीच अमेरिका 119 भारतीयों को 15 और 16 फरवरी को अमृतसर एयरपोर्ट पर डिपोर्ट करेगा। इनमें सबसे ज्यादा 67 लोग पंजाब से हैं। शनिवार को विमान सुबह 10 से 11 बजे के बीच अमृतसर एयरपोर्ट पर अवैध अप्रवासियों को लेकर उतरेगा। इससे पहले 104 भारतीयों को हथकड़ी और बेड़ियों में डिपोर्ट किया गया था।
सबसे ज्यादा पंजाब-हरियाणा के लोग
जानकारी के अनुसार, डिपोर्ड किए जाने वाले भारतीयों में सबसे ज्यादा 67 पंजाबी, 33 हरियाणा बाकी 8 गुजरात से, जबकि उत्तर प्रदेश से 3 और महाराष्ट्र, राजस्थान, गोवा से दो-दो हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से एक-एक रहेंगे। बता दें कि 5 फरवरी को भी 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक विमान अमृतसर लौटा था। डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने 20 हजार अवैध भारतीयों अप्रवासियों की पहचान की है। यह ऐसे लोग हैं जो वहां बिना किसी कागजात के रह रहे हैं। कल जो पहला विमान आएगा उसमें पंजाब के 67 लोग होंगे वहीं 16 फरवरी को एक और विमान आएगा, जिसमें बाकी के लोग होंगे।
अमेरिका में 7 लाख से ज्यादा अप्रवासी भारतीय
एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 तक अमेरिका में करीब 7 लाख से ज्यादा अवैध प्रवासी भारतीय थे। अमेरिका में अवैध प्रवासियों से डील करने वाली सरकारी संस्था के मुताबिक पिछले 3 सालों में अवैध रूप से घुसने की कोशिश करने में सबसे ज्यादा 90 हजार भारतीय को पकड़ा है।
104 भारतीयों को डिपोर्ट किया
कुछ दिन पहले भी अमेरिका से 104 भारतीयों को डिपोर्ट किया था। तब इन्हें हथकड़ी और बेड़ियों में भारत वापस भेजने पर जमकर बवाल मचा था। पांच फरवरी को अमेरिका ने इन लोगों को डिपोर्ट किया गया था, जिसमें हरियाणा और गुजरात से सबसे अधिक 33-33 लोग थे। इन सभी लोगों ने डंकी रूट के जरिए मैक्सिको बॉर्डर से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश की थी और फिर अमेरिकी सुरक्षा बलों ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया था।