Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Rajya Sabha Election :मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर भाजपा की आपत्ति, केस की जानकारी छुपाने का आरोप

राज्यसभा चुनाव में नामांकन पत्र छानबीन के दौरान भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर आपत्ति उठाई है। भाजपा का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन पत्र में अपराध की जानकारी छुपाई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि नटराजन के खिलाफ तेलंगाना कोर्ट में केस चल रहा है, यह जानकारी उन्होंने नहीं दी।
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर भाजपा की आपत्ति, केस की जानकारी छुपाने का आरोप

भोपाल। राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर भाजपा ने आपत्ति दर्ज कराई है। भाजपा ने रिटर्निंग ऑफिसर को शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन फार्म में तेलंगाना की एक कोर्ट में चल रहे मामले की जानकारी छिपाई है। भाजपा ने मांग की है कि उनका नामांकन पत्र निरस्त किया जाए।

विधानसभा में धक्का-मुक्की, हंगामा

इस बीच दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और कांग्रेस के लीगल प्रभारी जेपी धनोपिया सहित कई कांग्रेस नेता रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा के कक्ष में मौजूद रहे। कुछ देर बाद मीनाक्षी नटराजन भी वहां पहुंच गईं। विधानसभा परिसर में रिटर्निंग अफसर कक्ष में प्रवेश को लेकर कांग्रेस नेताओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और बहस हुई। इस दौरान परिसर में शोर-शराबे का माहौल बन गया। कांग्रेस नेताओं के पहुंचने के बीच भाजपा कार्यकर्ता भी रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए और वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई।

 नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं : सिंघार

इस मामले को लेकर विधानसभा परिसर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा की आपत्ति को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, बल्कि उन्हें केवल कोर्ट से एक नोटिस मिला है। उमंग सिंघार ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार केवल दर्ज मामलों की जानकारी नामांकन पत्र में देना जरूरी होता है। नोटिस मिलने की स्थिति में जानकारी देना अनिवार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक उद्देश्य से अनावश्यक आपत्ति लगाई है, जिसका जवाब मीनाक्षी नटराजन के वकीलों ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। अब अंतिम फैसला रिटर्निंग ऑफिसर करेंगे।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts