इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

इंदौर : कैलाश विजयवर्गीय बोले- गंदे कपड़े पहनने वाली लड़कियां लगती हैं शूर्पणखा, कांग्रेस बोली- महिलाओं का अपमान करना BJP की आदत

इंदौर। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने युवतियों के कपड़ों पर सवाल उठाते हुए विवादित बयान दिया है। उनका कहना है कि, लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। विजयवर्गीय ने यह बयान हनुमान जयंती पर जैन समाज के एक कार्यक्रम के दौरान दिया। वहीं अब इसको लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर निशाना साध रही है। कांग्रेस का कहना है कि, महिलाओं का अपमान करना भारतीय जनता पार्टी नेताओं की आदत बन गई है।

युवाओं में नशे की लत पर जताई चिंता

दरअसल, कैलाश विजयवर्गीय इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित महावीर बाग में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। जहां उन्होंने लड़कियों को अच्छे और ढंग के कपड़े पहने की नसीहत देने के साथ ही युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की लत पर भी गुस्सा जताया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कैलाश विजयवर्गीय ने ऐसा क्या कहा, देखें वीडियो

वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय कहते नजर आ रहे हैं कि, ‘मैं आज भी जब निकलता हूं, पढ़े-लिखे नौजवानों, बच्चों को झूमते हुए देखता हूं तो सच में ऐसी इच्छा होती है कि पांच-सात ऐसी दूं कि उनका नशा उतर जाए। सच कह रहा हूं, भगवान की कसम। हनुमान जयंती पर झूठ नहीं बोलूंगा। हम महिलाओं को देवी मानते हैं, लेकिन लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि, उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता। बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं। सच में अच्छा सुंदर भगवान ने शरीर दिया है। जरा अच्छे कपड़े पहनों यार। बच्चों में आप संस्कार डालिए। मैं बहुत चिंतित हूं।’

महिलाओं का अपमान करना BJP की आदत : कांग्रेस

इस बयान पर कांग्रेस ने कहा कि, कैलाश विजयवर्गीय लड़कियों को शूर्पणखा कह रहे हैं। अब लड़कियां क्या पहनेंगी, यह बीजेपी तय करेगी। लाड़ली बहना पाखंड है, महिलाओं का अपमान करना बीजेपी की आदत है।

(इनपुट- हेमंत नागले)

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button