ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

BJP का 44वां स्थापना दिवस : मध्य प्रदेश कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण, CM बोले- MP अब विकसित होकर स्वर्णिम बनने की ओर अग्रसर

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज अपना 44वां स्थापना दिवस मना रही है। 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन हुआ था। स्थापना दिवस के मौके पर मध्य प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पं. दीनदयाल जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया। भाजपा नेता आज से मध्य प्रदेश के सभी बूथों पर पार्टी के नारे लिखेंगे।

मप्र विकास के नए आयाम स्थापित

सीएम शिवराज ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मप्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। बीमारू राज्य कहा जाने वाला मप्र अब विकसित होकर स्वर्णिम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।

सरकार गरीबों का जीवन बदलने के अभियान में जुटी

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों का जीवन बदलने के अभियान में जुटी है। भाजपा कार्यकर्ताओं से मेरा आह्वान है कि इस अभियान में सहभागी बनकर जनसेवा करने का संकल्प लेना है।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, पूर्व सांसद आलोक संजर, भोपाल जिला प्रभारी महेंद्र यादव, आईडीए के उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सुनील पाण्डे, विकास बोंदरिया, वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सत्येन्द्र भूषण सिंह, सुरेन्द्र शर्मा, गणेश मालवीय, वंदना जाचक, अंजु सिंह, आरती अनेजा, हेमलता ठाकुर, मंडल अध्यक्ष मुकुल लोखण्डे, सिद्धार्थ सोनवने, बूथ क्रमांक 161 के अध्यक्ष धीरेन्द्र सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

अंबेडकर जयंती तक विशेष सप्ताह मनाएगी ‍BJP

स्थापना दिवस के मौके पर एक सप्ताह के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा आज से डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक विशेष सप्ताह मनाएगी। पार्टी इस दौरान केंद्र सरकार के द्वारा जारी की गई कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी।

भारतीय जनसंघ से जुड़ा है बीजेपी का इतिहास

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का इतिहास भारतीय जनसंघ से जुड़ा है। 21 अक्टूबर 1951 को दिल्ली में जनसंघ की स्थापना हुई थी। जनसंघ की स्थापना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, प्रोफेसर बलराज मधोक, दीनदयाल उपाध्याय ने की थी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जनसंघ के पहले अध्यक्ष बनाए गए थे। जनसंघ का चुनाव चिन्ह ‘दीपक’ और झंडा भगवा रंग का था।

देश में 1975 में लागू किया गया आपातकाल जनसंघ की सियासत में टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।

साल 1977 में आपातकाल खत्म होने के बाद जनसंघ के नेतओं ने विरोधी दलों के साथ मिलकर जनता पार्टी बनाई। जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हो गया। चुनाव में मोरारजी देसाई की अगुवाई में जनता पार्टी की केंद्र में सरकार बनी।

जनता पार्टी का गठन संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, भारतीय लोकदल, कांग्रेस (ओ), जनसंघ को मिलाकर किया गया था।

जनता पार्टी से भाजपा पार्टी कैसे बनी

1980 के आते-आते जनता पार्टी में समाजवादी और जनसंघ से जुड़े नेताओं के रास्ते अलग हो गए थे। 1980 के लोकसभा चुनाव में जनता पार्टी की हार के बाद इंदिरा गांधी सत्ता में लौट आईं थीं।

जनता पार्टी के समाजवादी धड़ों ने लोकदल का गठन कर लिया। वहीं जनसंघ के नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की।

अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी सहित जनसंघ के अन्य नेताओं ने दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में 6 अप्रैल, 1980 को भारतीय जनता पार्टी के नाम से नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान किया। इसके पहले अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बने।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button