Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बीना: गणेश विसर्जन के लिए जाते समय ट्रॉली में फैला करंट, एक की मौत छह घायल; तखत की वजह से बची कई लोगों की जान

बीना। खिमलासा थाना क्षेत्र के बसाहारी गांव में एक ट्रॉली में करंट फैल गया। करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 साल के बच्चे समेत छह लोग बुरी तरह से झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रविवार शाम करीब 6 बजे हुआ जब गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए कुछ लोग ट्राली पर सवार होकर जा रहे थे।

ट्राली में फैल गया करंट

पुलिस के मुताबिक अयोध्यापुरी कॉलोनी बीना में कॉलोनी के लोगों ने मिलकर गणेश प्रतिमा की स्थापना की थी। कॉलोनी के करीब डेढ़ दर्जन लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में झांकी सजाकर प्रतिमा विसर्जन के लिए बसहारी तालाब जा रहे थे। ट्रॉली में झांकी सजाने के लिए टेंट के पाइप लगाए गए थे। बसहारी गांव में पहुंचते ही टेंट का पाइप रोड के ऊपर से निकली विद्युत लाइन से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट फैल गया। ट्रॉली में बैठे सभी लोग करंट की चपेट में गए।

यह लोग आए चपेट में

इसमें रायनगर कॉलोनी निवासी लक्ष्मीनारायण (45) पिता राजाराम तिवारी, अजय (27) पिता कैलाश लिटौरिया, लक्ष्मीनारायण (65) पिता सीताराम कटारे, पुष्पेंद्र (23) पिता लक्ष्मीनाराण कटारे, प्रकाश (15) पिता सुरेंद्र साहू, सचिन (11) पिता मनोज कटारे, हरिओम (20) पिता लक्ष्मीनारायण तिवारी करंट में बुरी तरह से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने लक्ष्मीनारायण तिवारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि लक्ष्मीनारायण कटारे की हालत गंभीर होने पर उन्हें सागर रेफर किया गया है।

तखत की वजह से बची कई लोगों की जान

झांकी में शामिल लोगों ने बताया कि ट्रॉली में प्रतिमा रखने के लिए लकड़ी का तखत रखा गया था। प्रतिमा को संभालने के लिए तखत पर भी बहुत से लोग बैठे हुए थे। इसके चलते वह करंट की चपेट में नहीं आ पाए। उन्हीं लोगों के चिल्लाने पर ट्रैक्टर पर सवार लोगों के साथ-साथ गांव के लोगों ने टेंट के पाइप को डंडों की मदद से तिरछा कर ट्रॉली में सवार अन्य लोगों की जान बचाई।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts