बिलासपुर में हॉस्टल संचालक ने नाबालिग छात्रा से किया दुर्व्यवहार, एससी/एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां एक हॉस्टल के संचालक ने एक नाबालिग छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। आरोपी हॉस्टल संचालक गुरमीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरवाजा बंद करना भूल गई थी छात्रा
यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित श्योर जिंदगी गर्ल्स हॉस्टल में हुई है। जहां रहने वाली पीड़ित छात्रा (16) भारत टेंट हाउस में सिलाई का काम करती है। जब वह 22 सितंबर की रात को काम से लौटी तब अपने कमरे का दरवाजा बंद करना भूल गई और सो गई।
कमरे में घुसा हॉस्टल संचालक
कमरे का दरवाजा खुला होने के कारण सुबह करीब 5 बजे हॉस्टल मालिक गुरमीत सिंह (63) कमरे में घुस गया और उसके कपड़े उतारकर गंदी हरकतें करने लगा। जब छात्रा की नींद खुल तो विरोध किया। लेकिन आरोपी जबरदस्ती करने लगा, तो छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए उसके हाथ पर दांत से काट लिया और शोर मचाने लगी। छात्रा के शोर मचाने पर गुरमीत सिंह भाग गया।
गुरमीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज
घबराई हुई छात्रा सीधे सरकंडा थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरमीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। पीड़िता द्वारा अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र देने के बाद, पुलिस ने आरोपी पर एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ीं। थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












