बिहार पर विवादित पोस्ट : केरल कांग्रेस की बड़ी भूल, सोशल मीडिया हेड ने दिया इस्तीफा

तिरुवनंतपुरम/पटना। केरल कांग्रेस ने शनिवार (6 सितंबर 2025) को स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर बिहार को ‘बीड़ी’ से जोड़ना पार्टी की बड़ी गलती थी। विवाद बढ़ने पर पार्टी ने पोस्ट हटाकर माफी मांगी और इस मामले में सोशल मीडिया हेड वीटी बालराम ने इस्तीफा दे दिया।
KPCC अध्यक्ष ने मानी गलती
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने माना कि यह पोस्ट ‘गलती और लापरवाही’ का नतीजा थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया टीम ने बिना सतर्कता के यह टिप्पणी प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दी थी।
- पोस्ट हटाई जा चुकी है।
- जिम्मेदार व्यक्ति ने सार्वजनिक माफी मांगी है।
- कांग्रेस इस बयान का समर्थन नहीं करती।
सनी जोसेफ ने बताया कि इस मामले पर पूर्व विधायक वीटी बालराम, जो डिजिटल मीडिया सेल के प्रभारी थे, से भी चर्चा हुई।
क्या था विवादित पोस्ट?
यह पोस्ट GST दरों में बदलाव से जुड़ा था। इसमें बिहार को बीड़ी से जोड़ते हुए लिखा गया था- ‘Bidis and Bihar start with B. Cannot be considered sin anymore.’
यानी बिहार और बीड़ी दोनों 'B' से शुरू होते हैं, इसलिए इन्हें अब पाप नहीं माना जा सकता।
बिहार में मचा राजनीतिक हंगामा
पोस्ट वायरल होते ही बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया। उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने इसे ‘पूरे बिहार का अपमान’ बताया। उन्होंने लिखा- पहले प्रधानमंत्री मोदी जी की माता का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान। यही है कांग्रेस की असलियत।
- जदयू नेता संजय कुमार झा ने इसे ‘कांग्रेस का शर्मनाक कदम’ कहा।
- भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा- पीएम मोदी की माता को गाली देने के बाद अब बिहार को बीड़ी से जोड़ना कांग्रेस की नफरत को दिखाता है। क्या तेजस्वी यादव और सहयोगी दल इस पर चुप रहेंगे?
यह विवाद कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक संकट बन गया है, खासकर तब जब बिहार की राजनीति में कांग्रेस पहले ही गठबंधन पर निर्भर है।











