भोपाल:मोबाइल चलाने पर पिता ने लगाई फटकार, छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

भोपाल के गुनगा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा की सल्फास खाने के बाद मौत हो गई। परिजनों के अनुसार देर रात मोबाइल फोन चलाने को लेकर पिता ने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद छात्रा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मोबाइल चलाने पर पिता ने लगाई फटकार, छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

भोपाल। गुनगा थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा खुशी कुशवाहा की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। छात्रा ने हाल ही में 12वीं प्रथम श्रेणी से पास की थी और कॉलेज में एडमिशन की तैयारी कर रही थी।

12वीं में फर्स्ट डिवीजन से हुई थी पास

रतुआ क्षेत्र निवासी खुशी कुशवाहा परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। उसने इसी साल 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और आगे की पढ़ाई के लिए भानपुर स्थित एक निजी कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रही थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है।

ये भी पढ़ें: इंदौर : महू में फटी नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन, 150 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा; घरों में घुसा पानी

देर रात मोबाइल चलाने पर लगी फटकार

परिजनों के मुताबिक शनिवार देर रात खुशी मोबाइल फोन चला रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने पढ़ाई और देर रात तक फोन चलाने को लेकर उसे डांट दिया। फटकार मिलने के बाद वह नाराज होकर घर के बाथरूम में चली गई। कुछ समय तक वह बाहर नहीं आई तो परिजनों को चिंता होने लगी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम 

बाथरूम से बाहर आने के कुछ देर बाद खुशी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों ने जब कारण पूछा तो उसने सल्फास खाने की बात बताई। यह सुनते ही परिजन घबरा गए और उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। 

ये भी पढ़ें: Weather Update Today : 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 80 किमी/घंटा तक चलेंगी तेज हवाएं; मानसून ने पकड़ी रफ्तार

पुलिस मामले की जांच में जुटी 

रविवार तड़के उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts