ताजा खबरराष्ट्रीय

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, दो गुटों के बीच गोलीबारी में 13 की मौत

मणिपुर। प्रदेश में महीनों से जारी हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह प्रदेश में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। यहां दो गुटों के टकराव के बाद हुई गोलीबारी में 13 लोगों की मौत हो गई। यह घटना म्यांमार बॉर्डर से सटे कुकी बहुल इलाके टेंग्नौपाल जिले के लीथू गांव की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इलाके के एक विद्रोही समूह ने म्यांमार जा रहे दूसरे गुट के कुछ लोगों पर हमला बोल दिया। इस दौरान जमकर गोलीबारी हुई। फिलहाल मारे गए लोगों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अऩुसार पुलिस और अन्य सुरक्षा बल फिलहाल मौके पर पहुंच गए हैं। जंगल में सर्चिंग के दौरान पुलिस को मृतकों के शव मिले हैं।

अब-तक सैकड़ों की मौत

मणिपुर में हिंसा की वारदातों ने अब तक सैकड़ों लोगों की जान ले ली है। प्रदेश सरकार ने 3 दिसंबर को कुछ इलाकों को छोड़कर राज्य में मोबाइल इंटनेट सेवाएं 18 दिसंबर तक बहाल की थीं। इसके ठीक अगले दिन ही गोलीबारी की यह पहली घटना है। राज्य में कुकी और मैतेई समूह के बीच आरक्षण को लेकर बीते 6 महीनों से हिंसा का दौर जारी है।

मणिपुर के वर्तमान हालात

राज्य में नवंबर माह में ही हत्या से लेकर हथियार लूटने की 5 घटनाएं सामने आईं हैं, जबकि हिंसा के बाद से अब तक पुलिस हजारों मामले दर्ज कर चुकी है। मणिपुर के वर्तमान हालात यह है कि यहां के जिलों से लेकर सरकारी दफ्तर तक सब कुछ दो समुदायों में बंट चुके हैं। हालांकि सुरक्षा के नजरिए से प्रदेश की पुलिस और सुरक्षा बल यहां अलर्ट मोड में हैं लेकिन गुटों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।

ये भी पढ़ें –  मणिपुर के सबसे पुराने विद्रोही ग्रुप UNLF ने हिंसा छोड़ किया शांति समझौता, अमित शाह ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताई

संबंधित खबरें...

Back to top button