भोपाल के DIG चौराहे पर सड़क बनी तालाब, खुली नाली ने बढ़ाया खतरा; नाली में गिरते-गिरते बचा युवक

भोपाल। शहर के व्यस्त DIG चौराहे पर इन दिनों सड़क की हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर पानी भरने से पूरा रास्ता तालाब जैसा नजर आ रहा है। सबसे बड़ी चिंता सड़क के किनारे मौजूद खुली नाली को लेकर है। पानी भर जाने के कारण यह पता ही नहीं चलता कि सड़क कहां खत्म हो रही है और नाली कहां से शुरू हो रही है। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक पानी के बीच से निकलते समय खुली नाली में गिरते-गिरते बच गया। आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उसे संभाल लिया, वरना हादसा गंभीर हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे नाली खुली होने और उसमें पानी भरे रहने से राहगीरों के लिए खतरा लगातार बना हुआ है। फिलहाल DIG चौराहे की यह तस्वीर शहर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
पानी में छिपी नाली, राहगीरों के लिए बना खतरा
DIG चौराहे से गुजरने वाले लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि पानी भरने के बाद नाली दिखाई नहीं देती। पैदल चलने वाला व्यक्ति यह अंदाजा नहीं लगा सकता कि उसके पैर के नीचे सड़क है या अचानक गहरी नाली। खासकर शाम और रात के समय स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो सकती है।

वाहनों की आवाजाही भी हुई मुश्किल
सिर्फ पैदल राहगीर ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पानी जमा होने से वाहन निकालने में दिक्कत हो रही है। चौराहे से कार, बाइक के साथ-साथ ट्रक जैसे बड़े वाहन भी गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर जमा पानी और सीमित जगह के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।

लोगों का सवाल- आखिर कब सुधरेगी सड़क?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मुख्य सड़क है और यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद सड़क पर पानी भरने और खुली नाली जैसी समस्या बनी हुई है। लोगों की मांग है कि पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही खुली नाली को सुरक्षित तरीके से ढका जाए, ताकि किसी राहगीर के साथ बड़ा हादसा न हो।



















