MP News:भोपाल के चंदनपुरा में टाइगर की दस्तक, मॉर्निंग वॉक कर रहे दंपती के पास पहुंचा बाघ

भोपाल। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ को कई लोगों ने देखा, जबकि कुछ ने उसकी दहाड़ सुनने का दावा भी किया। घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से जंगल से लगे इलाकों में जाने से बचने की अपील की है। टीम लगातार बाघ की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है।
दंपती के सामने अचानक आ गया टाइगर
मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ टहल रही थी। इसी दौरान उसके बेहद करीब से एक जानवर निकला, जिसे पहले उसने कुत्ता समझा। ध्यान से देखने पर पता चला कि वह टाइगर है। महिला के शोर मचाते ही बाघ झाड़ियों की ओर चला गया और बड़ा हादसा टल गया।
कई लोगों ने देखा, मची अफरा-तफरी
घटना के समय आसपास मौजूद अन्य लोगों ने भी टाइगर को देखने की बात कही। कुछ लोगों ने उसकी दहाड़ सुनने का दावा किया, जिससे इलाके में डर का माहौल बन गया। कई लोग तुरंत वहां से सुरक्षित स्थान की ओर चले गए, जबकि कुछ ने दूर से उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। घटना सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच की बताई जा रही है।

सर्चिंग अभियान शुरू किया गया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टाइगर बाद में चंदनपुरा स्थित एक निजी फार्महाउस की बाउंड्री के भीतर चला गया। सूचना मिलने के बाद सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी। अधिकारी लगातार बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं ताकि उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजा जा सके।
ये भी पढ़ें: Pregnancy Diet Alert : क्या पपीता और पाइनएप्पल से हो सकता है मिसकैरेज? जानिए सच और मिथक
वन विभाग ने लोगों से की अपील
बताया जा रहा है कि सुरक्षा के लिए जाली लगी हुई है, लेकिन उसका एक हिस्सा खुला होने से टाइगर के उसी रास्ते से आने-जाने की संभावना है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्चिंग अभियान पूरा होने तक मॉर्निंग वॉक या जंगल से लगे इलाकों में जाने से बचें।












