ग्वालियरमध्य प्रदेश

गुटखा खाने से रोकना डॉक्टर को पड़ा महंगा, लाठी लेकर मारने दौड़ा युवक, देखें VIDEO

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक ग्रामीण को गुटखा खाने से रोकना डॉक्टर को महंगा पड़ गया। युवक लाठी लेकर डॉक्टर को मारने के लिए दौड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अस्पताल में गुटखा खाने से किया मना

जानकारी के मुताबिक, ये मामला भिंड जिले के एंडोरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत एनो में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी और मेडिकल ऑफिसर डॉ. देवेंद्र सिंह गुर्जर के पास शुक्रवार को गांव का युवक रोहित तोमर आया था। उसने मुंह में गुटखा दबा रखा था। डॉक्टर देवेंद्र सिंह ने जब उसे कहा कि अस्पताल परिसर में गुटखा खाकर मत आया करो तो युवक आगबबूला हो गया। डॉक्टर ने उसे बाहर निकाला तो वो घर जाकर लाठी लेकर आया और मारने दौड़ा। ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की। डॉक्टर का कहना है कि रोहित ने मारपीट भी की है।

इस बात पर भड़का युवक

डॉक्टर देवेंद्र का कहना था कि अस्पताल परिसर में बने सरकारी क्वार्टर पर स्थानीय लोगों ने कब्जा कर रखा था। जिसे हमने खाली करने के लिए लेटर दिया था, लेकिन उन लोगों का कुछ सामान आज भी रखा था। इसे लेकर ही बात कर रहे थे, तभी एक महिला बदतमीजी करने लगी थी। इसी बीच रोहित भी आया था। गुटखा बाहर खाने की बात कही तो वो भड़क गया और मारपीट करने लगा।

डॉक्टर ने दर्ज कराया मामला

अस्पताल स्टाफ ने लाठी लेकर दौड़ते युवक का वीडियो बना लिया। इसके बाद डॉक्टर देवेंद्र सिंह ने एंडोरी थाने पहुंचकर आरोपी रोहित तोमर के खिलाफ 353 समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया। पीड़ित डॉक्टर देवेंद्र का कहना है कि महिला से ज्यादा कुछ बात भी नहीं हुई थी, लेकिन आरोपी रोहित गुटखे को लेकर मारपीट करने आया था।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे डॉक्टर

डॉक्टर देवेंद्र का कहना है कि यह कोई पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी इस गैंग के लोग मेडिकल स्टाफ को परेशान करते आए हैं। कोविड वैक्सीनेशन के दौरान आई स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्यों के गांव वालों ने कपड़े और अंडरवियर तक चोरी कर लिए थे। टीम के सदस्यों को आखिर में तौलिया लपेट कर वापस जाना पड़ा था। डॉक्टर ने कहा कि जल्द वे इन परिस्थितियां को लेकर गोहद एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे।

ये भी पढ़ें: खंडवा : ताप्ती नदी में गिरे आरक्षक का शव नाचनखेड़ा के पास मिला, 2 महीने पहले हुई थी सगाई

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button