
भोपाल। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में बदलाव किया गया है। प्रदेश में यात्रा की एंट्री के बाद राहुल गांधी का यात्रा में 3 से 4 दिन का ब्रेक हो सकता है। क्योंकि, 20 नवंबर को बुरहानपुर से एंट्री के बाद राहुल गांधी चुनाव-प्रचार के लिए गुजरात जाएंगे। इसलिए यात्रा में थोड़ा बदलाव किया जा रहा है।
गुजरात से लौटने के बाद फिर शुरू होगी यात्रा
जानकारी के मुताबिक, भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर की शाम को बुरहानपुर जिले से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेंगी। रात्रि विश्राम के बाद 21 नवंबर को सुबह राहुल गांधी गुजरात चले जाएंगे और वहां दो दिन चुनावी रैलियां करेंगे। लौटने के बाद वे 23 नवंबर से फिर पैदल यात्रा शुरू करेंगे।
पहले जो कार्यक्रम तय हुआ था उसके मुताबिक 20 नवंबर की शाम को यात्रा के मध्य प्रदेश सीमा में प्रवेश करने के बाद 21 नवंबर को विश्राम रखा गया था। 22 नवंबर को सुबह से यात्रा फिर शुरू होनी थी और 26 नवंबर की शाम उन्हें इंदौर पहुंचना था। लेकिन, राहुल गांधी के गुजरात में जाने के कारण 2 दिन मध्य प्रदेश में यात्रा बढ़ेगी। 3 दिसंबर की जगह अब 5 दिसंबर तक राहुल गांधी मध्य प्रदेश में रहेंगे।
मालेगांव में तय होगा यात्रा का शेड्यूल
बुधवार को महाराष्ट्र के मालेगांव में दोपहर 1 बजे कांग्रेस नेताओं की बैठक होगी। यहां राहुल की यात्रा का पूरा शेड्यूल तय होगा। वहीं राहुल गांधी के गुजरात दौरे का कार्यक्रम तय करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 16 नवंबर को अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। वे वहां गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करके कार्यक्रम को अंतिम रूप देंगे।
ये भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा को लेकर CM शिवराज से मिले कमलनाथ, MP में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की