छात्रसंघ चुनाव समेत कई मांगों को लेकर NSUI का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल

बैतूल में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने, सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर NSUI ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। सैकड़ों छात्र-युवा रैली के रूप में पहुंचे। बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। NSUI ने मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
छात्रसंघ चुनाव समेत कई मांगों को लेकर NSUI का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल

बैतूल। छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने, ‘शिक्षा संजीवनी अभियान’ का विरोध और सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर गुरुवार को NSUI ने बैतूल कलेक्ट्रेट का घेराव किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय विनोद डागा और NSUI जिला अध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र और युवा शिवाजी ऑडिटोरियम से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।

बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे। इस दौरान कुछ छात्रों ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वाटर कैनन की बौछार के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा। बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं के पहुंचने के कारण मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।

छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग

NSUI ने लंबे समय से बंद छात्रसंघ चुनाव तत्काल प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का प्रभावी मंच नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा ‘शिक्षा संजीवनी अभियान’ को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए और शिक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार की मांग की।

Breaking News

ITI के निजीकरण और फीस वसूली का विरोध

प्रदर्शनकारियों ने भीमपुर और शाहपुर की शासकीय ITI को परम फाउंडेशन को सौंपने का विरोध किया। साथ ही BEd और DEd कॉलेजों में मनमानी फीस वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई। NSUI ने जिले के सभी कॉलेजों की मान्यता और संचालन से जुड़ी आवश्यक शर्तों की जांच कराने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।

युवाओं से जुड़ी कई मांगें उठाईं

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला स्तरीय अध्ययन केंद्र शुरू करने की मांग की। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं के लिए विशेष रोजगार अभियान और सरकारी छात्रावासों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी रखी गई। ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा बढ़ाने, खेल सुविधाओं का विस्तार करने और विद्यार्थियों व युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष जनसुनवाई शुरू करने की मांग भी की गई। 

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

NSUI जिला अध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन को और तेज करेगा। प्रदर्शन में प्रीतेश गंगारे, हर्षवर्धन धोटे, रामकुमार नागवंशी, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कमलेश यादव, नरेंद्र वाडिवा, राहुल पटेल, जगदीश गोचरे, पुष्पा पेंद्राम, मनीष नागले सहित बड़ी संख्या में छात्र और युवा मौजूद रहे।

Devesh Dubey
By Devesh Dubey

Latest Posts