PlayBreaking News

बेटमा में विशेष राजस्व शिविर:45 गांवों के ग्रामीणों को मिली राहत, एक दिन में 214 मामलों का हुआ निराकरण

भूमि विवादों से लेकर नामांतरण तक का त्वरित समाधान, तहसीलदार महेंद्र सिंह गौड़ की कार्यशैली की ग्रामीणों ने की सराहना
Follow on Google News
बेटमा टप्पा कार्यालय परिसर में विशेष राजस्व शिविर का आयोजन

बेटमा। बेटमा में आयोजित विशेष राजस्व शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को राहत मिली। जिला कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना था। अधिकारियों ने वर्षों से लंबित कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को बड़ी राहत दी।

160 नामांतरण सहित कई मामलों का समाधान

शिविर में क्षेत्र के 45 गांवों से ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। राजस्व विभाग ने एक ही दिन में बड़ी संख्या में प्रकरणों का निराकरण किया। शिविर के दौरान 160 नामांतरण प्रकरणों का समाधान किया गया। 6 आपसी बंटवारे के मामलों का निराकरण हुआ।18 भूमि बंटांकन प्रकरणों का समाधान किया गया। 8 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जनसुनवाई मामलों का त्वरित निराकरण किया गया। इसके अलावा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से 22 हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ भी दिया गया।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किया समस्याओं का समाधान

शिविर की खास बात यह रही कि अधिकारी केवल कार्यालय में बैठकर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि कई मामलों में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। ग्राम बोरिया में रास्ते से जुड़े विवाद, मेघवाड़ा में भूमि विवाद और सनावदा में जलभराव की समस्या का संबंधित पक्षों की सहमति से समाधान कराया गया। इस पहल से ग्रामीणों को लंबे समय तक चलने वाली कानूनी प्रक्रिया और अनावश्यक खर्च से राहत मिली।

तुरंत मिले खसरा-खतौनी के दस्तावेज

शिविर में अंतिम आदेश जारी होने के बाद संबंधित हितग्राहियों को अद्यतन खसरा और खतौनी की प्रतियां भी तुरंत उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन की इस व्यवस्था से लोगों का समय बचा और राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में एसडीएम चरणजीत सिंह हुड्डा, तहसीलदार संगीता गोलियां, तहसीलदार महेंद्र सिंह गौड़, नायब तहसीलदार नागेंद्र त्रिपाठी और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि गुमान सिंह पवार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और प्रशासन की इस पहल का लाभ उठाया।

तहसीलदार महेंद्र सिंह गौड़ की भूमिका रही अहम

शिविर के सफल आयोजन में तहसीलदार महेंद्र सिंह गौड़ की सक्रिय भूमिका देखने को मिली। उन्होंने व्यवस्थाओं से लेकर लंबित मामलों के समाधान तक पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की। ग्रामीणों ने उनकी सहज कार्यशैली और जनसुनवाई के प्रति संवेदनशील रवैये की प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि ऐसे प्रयासों से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।

भविष्य में भी जारी रहेंगे विशेष शिविर

शिविर के समापन पर तहसीलदार महेंद्र सिंह गौड़ ने जनप्रतिनिधियों, पटवारियों, राजस्व कर्मचारियों और नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार आमजन को सरल, पारदर्शी और त्वरित राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Rahul Devda
By Rahul Devda

मेरा धर्म सत्ता नहीं, सत्य लिखना है, मेरी जिम्मेदारी जनता के दर्द को आवाज़ देना है ।। 🖋️

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts