Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ऋचा, एलिस के ताबड़तोड़ अर्धशतकों से बेंगलुरू ने गुजरात को 6 विकेट से हराया

ऋचा, एलिस के ताबड़तोड़ अर्धशतकों से बेंगलुरू ने गुजरात को 6 विकेट से हराया

बडोदरा। रिचा घोष के 27 गेंद में नाबाद 64 रन और एलिस पैरी की 34 गेंद में 57 रन की पारी की मदद से गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के तीसरे सत्र के पहले मैच में शुक्रवार को गुजरात जाइंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए 202 रन का लक्ष्य आरसीबी ने नौ गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। रिचा ने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, पैरी ने 6 चौके और 2 छक्के जड़े। आखिर में कनिका आहूजा ने 13 गेंद में नाबाद 30 रन बनाए। कप्तान स्मृति मंधाना (9) और उनकी सलामी जोड़ीदार डैनी वियाट हॉज (चार) सस्ते में आउट हो गई, जिसके बाद पैरी ने राघवी बिष्ट (25) के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। इसके बाद रिचा ने मोर्चा संभाल लिया।

इससे पहले कप्तान एशले गार्डनर और अनुभवी बेथ मूनी के अर्धशतकों की मदद से गुजरात जाइंट्स ने 5 विकेट पर 201 रन बनाए। मूनी ने 42 गेंद में 8 चौकों की मदद से 56 रन बनाए, जबकि गार्डनर ने 37 गेंद में 79 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 8 छक्के शामिल थे। इससे पहले गत चैंपियन आरसीबी की कप्तान मंधाना ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। स्कोर बोर्ड पर जब 41 रन टंगे थे तब लौरा वोल्वार्ट और डी हेमलता पवेलियन लौट गए, लेकिन गार्डनर और मूनी ने टीम को इन झटकों से निकाला। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। मूनी को लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने आउट किया जिनका कैच मंधाना ने लपका।

गार्डनर ने इसके बाद वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डोटिन (13 गेंद में 25 रन) के साथ पांच ओवर में 67 रन जोड़े। डोटिन ने अपनी आक्रामक पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। महिलाओं की एशेज सीरीज से ही शानदार फॉर्म में चल रही गार्डनर ने प्रेमा और भारत की अंडर 19 तेज गेंदबाज वीजे जोशिता को एक ओवर में तीन छक्के लगाए। डोटिन को तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने आउट किया, लेकिन तब तक गुजरात की टीम बड़ा स्कोर बना चुकी थी। रेणुका ने 25 रन देकर दो विकेट लिए।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts