राम मंदिर के पहले CEO बनने पर क्या बोले जितेंद्र मिश्रा? सामने आई पहली प्रतिक्रिया

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। CEO बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने अपनी नियुक्ति को सौभाग्य बताते हुए इसे भगवान श्रीराम का आशीर्वाद बताया।
चयन के लिए समिति और ट्रस्ट का जताया आभार
राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनाए जाने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने चयन समिति का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इतने उम्मीदवारों में से उनका चयन होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वह अपनी नियुक्ति को भगवान राम का आशीर्वाद मानते हैं। जितेंद्र मिश्रा के मुताबिक, वायुसेना में 43 साल तक राष्ट्र की सेवा करने के बाद अब उन्हें श्रीराम मंदिर और राम भक्तों की सेवा करने का अवसर मिला है।
राम मंदिर के पहले CEO का सस्पेंस खत्म! जितेंद्र मिश्रा के नाम पर लगी मुहर
‘भगवान मुझे इस जिम्मेदारी को निभाने की शक्ति दें’
जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह भगवान श्रीराम से प्रार्थना करेंगे कि उन्हें इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभाने की सामर्थ्य मिले। उन्होंने चयन प्रक्रिया को लेकर कहा कि इसके बारे में विस्तृत जानकारी चयन समिति ही दे सकती है। उनके मुताबिक, चयन प्रक्रिया और उसकी टाइमलाइन पहले से ही मीडिया और इंटरनेट के जरिए सामने आती रही है।
चढ़ावा चोरी के सवाल पर क्या बोले?
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े सवाल पर जितेंद्र मिश्रा ने सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि वह बीते समय की बात करने के बजाय आने वाले समय पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भगवान श्रीराम की कृपा से आगे मंदिर के काम को बेहतर तरीके से किया जाएगा।
कौन हैं जितेंद्र मिश्रा? जो होंगे राम मंदिर के पहले CEO
कार्यभार संभालने के बाद बताएंगे आगे का प्लान
CEO के तौर पर अपनी प्राथमिकताओं को लेकर जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि उनका चयन अभी कुछ समय पहले ही हुआ है। ऐसे में फिलहाल इस सवाल पर विस्तार से बात करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब वह CEO के रूप में कार्यभार संभालेंगे, तब ट्रस्ट के प्रयासों और अपनी टीम के सहयोग से राम मंदिर के लिए बेहतर से बेहतर काम करने की पूरी कोशिश करेंगे। जितेंद्र मिश्रा के सामने अब राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।




















