राम रंग में रंगा प्रदेश लेकिन फूलों पर महंगाई की मार, प्राण प्रतिष्ठा से पहले तीन गुना हुए दाम, हो रही एडवांस बुकिंग, देखें VIDEO

विवेक राठौर, भोपाल। एमपी में भी अयोध्या में होने जा रही राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्सव सरीखा माहौल है। इन पलों को यादगार बनाने के लिए हर घर और देवालय को लोग फूलों से सजाना चाहते हैं। यही वजह है कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार दीवाली से भी ज्यादा फूलों की डिमांड किसी और दिन हुई है। 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए हर घर और देवालय को लोग सजा रहे हैं, यही वजह है कि फूलों के दाम एकाएक बेहद तेजी से बढ़ गए हैं। बीते दो दिनों में ही भोपाल में फूलों के रेट में तीन से चार गुना तक इजाफा हो गया है। यही हाल प्रदेश के बाकी शहरों और कस्बों का भी है।
गेंदा और गुलाब की हाई डिमांड, विदेशी फूलों की भी मांग
भोपाल में गेंदे की थोक बिक्री की कीमत चालीस रूपए प्रति किलो रहती है, लेकिन इन दिनों थोक फूल मंडी में ही भाव 100 से 120 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। अगर फुटकर बाजार की बात की जाए तो 80 रुपए किलो वाला गेंदा ही अब 200 रुपए किलो के दाम में बेचा जा रहा है। बात गुलाब की करें तो लोकल गुलाब के दाम 60 से 80 रुपए किलो से बढ़कर 200 से 240 रूपए किलो तक पहुंच गए हैं। ये कीमत 22 जनवरी को और भी ज्यादा होगी।डिमांड ज्यादा सप्लाई कम
प्रदेश भर में इस समय फूलों की भारी डिमांड है। हालांकि अभी तक एमपी में फूलों की अधिकांश सप्लाई लोकल मंडियों के अलावा बेंगलुरु और पुणे से हो रही थी, लेकिन पहली बार भोपाल और प्रदेश के अन्य शहरों में दिल्ली और उत्तर भारत से भी फूल मगंवाए जा रहे हैं। यहां तक कि इस बार बोगनवेलिया, ऑर्किड और लिली के साथ विदेश ब्रीडी के रोज जैसे विदेशी फूल भी घरों और देवालयों को सजाने के काम आएंगे। भोपाल के चूनाभट्टी इलाके के निवासी रश्मि साठे और एनडी साठे कहते हैं कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उन्होंने घर और घर के भीतर बने मंदिर को फूलों से सजाने की खास तैयारी की है। 22 जनवरी को वे रंगोली बनाकर और घर फूलों से सजाकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी मनाएंगे।











