ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

राम लला प्राण प्रतिष्ठा को लेकर एमपी सरकार की पहल, प्रसाद के रूप में अयोध्या भेजे जाएंगे 5 लाख लड्डू; CM डॉ. मोहन यादव बोले- यह हमारा सौभाग्य

भोपाल। देशभर में राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। इस ऐतिहासिक धार्मिक प्रसंग में हर कोई अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहता है। इसी क्रम में उज्जैन में स्थित महाकाल मंदिर की ओर से 5 लाख लड्डू अयोध्या भेजे जाएंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद इस बात की जानकारी दी है। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन और राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होनी है।

सीएम ने स्कूली बच्चों के साथ किया सूर्य नमस्कार

युवा दिवस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में स्कूली बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। प्रदेशभर में युवा दिवस मनाया जा रहा है। भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में युवा दिवस पर आयोजित सामूहिक योग में सीएम शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार किया।

भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक : CM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर “राष्ट्रीय युवा दिवस” की देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। आज से 100 साल पहले स्वामी विवेकानंद जी ने जो घोषणा की थी कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी, आज हम सभी देख रहे हैं कि दुनिया के हर क्षेत्र में भारत की साख बड़ी है। राष्ट्र के लिए समर्पित स्वामी विवेकानंद जी का जीवन चरित्र हमें सदैव उच्च आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्र के विकास की प्रेरणा प्रदान करता है।

सीएम बोले- शिकागो का वह क्षण…

भारत विविधताओं वाला देश है, फिर भी हजारों साल पुराने हमारे संस्कार हमें एक सूत्र में बांधे रहते हैं, हमें गौरवान्वित करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, अमेरिका के शिकागो का वह क्षण… जब विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद जी ने स्वयं इस बात का निर्णय किया कि सनातन धर्म को जाने बिना दुनिया धर्मों को नहीं जान सकती। हम सब जानते हैं उनके सम्मेलन में जाने और आने के दौरान दोनों में जमीन आसमान का अंतर है।

प्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की : CM

सीएम ने कहा कि, कल मध्य प्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में इंदौर ने लगातार 7वीं बार देश के सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर समूचे इंदौरवासियों, जनप्रतिनिधियों, महापौर, नगर निगम एवं स्थानीय व्यवस्था के सभी अधिकारियों को बधाई देता हूं। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 से जो अभियान चालू किया, उसमें मध्य प्रदेश की निरंतर सहभागिता रही है। स्वच्छता के क्षेत्र में देश में मध्य प्रदेश को द्वितीय स्थान पर आने पर समस्त मध्य प्रदेश वासियों को बधाई।

उज्जैन से 5 लाख लड्‌डुओं का प्रसाद अयोध्या भेजेंगे : CM

हमारा सौभाग्य है कि अयोध्या बुला रही है और भक्त जा रहे हैं। हम सभी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का वह अद्भुत दृश्य आंखों से देखेंगे। मध्य प्रदेश सरकार इस पूरे उत्सव को अविस्मरणीय बनाने के लिए बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से 5 लाख लड्डुओं का प्रसाद अयोध्या भेजेगी। डॉ. यादव ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार हम सभी 22 जनवरी की बजाए जब जिस राज्य को तारीख दी जाएगी, उस दिन वहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि उज्जैन के राजा विक्रमादित्य ने भगवान श्री राम का मंदिर बनवाया था। उसी मंदिर को 500 साल पहले बाबर ने तोड़ा था। ऐसे में जब दोबारा मंदिर का निर्माण हो रहा है तो मध्य प्रदेश कहां पीछे रहने वाला है। उस दिन श्री महाकाल मंदिर से अयोध्या के लिए पांच लाख लड्डू भेजे जाएंगे। राज्य सरकार इस अवसर पर पूरे उत्सव को अविस्मरणीय बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

10 से 15 जनवरी तक मनाई जाएगी मकर संक्रांति

हमने मध्य प्रदेश में मकर संक्रांति का पावन पर्व 10 से 15 जनवरी तक मनाने का निर्णय लिया था। जिसके अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में दो दिन पूर्व हमने महिला सशक्तीकरण का कार्यक्रम किया था। कल शहडोल में भी आदिवासी भाई-बहनों के बीच मेरा बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा।

ये भी पढ़ें- दमोह का रामभक्त बालों से रथ खींचते हुए 501 किमी दूर अयोध्या पहुंचेगा, 12 दिन तक रोज 50 किमी चलेगा

संबंधित खबरें...

Back to top button