अशोकनगर :कार में मिले युवक-युवती के शव, पास ही पड़ी थी पिस्टल, कुल्हाड़ी और सल्फास के पैकेट, SIT करेगी जांच

अशोकनगर में ईसागढ़ रोड पर सड़क किनारे एक कार में युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पुलिस को एक पिस्टल, कुल्हाड़ी, सल्फास का पैकेट, लाइटर और तीन मोबाइल फोन मिले हैं।
कार में मिले युवक-युवती के शव, पास ही पड़ी थी पिस्टल, कुल्हाड़ी और सल्फास के पैकेट, SIT करेगी जांच

अशोकनगर। ईसागढ़ रोड स्थित टोल प्लाजा के पहले सड़क किनारे बुधवार रात एक कार में युवक-युवती के खून से लथपथ शव मिले हैं। घटनास्थल से एक पिस्टल, एक कुल्हाड़ी, सल्फास का पैकेट, सुसाइड नोट, तीन मोबाइल फोन और एक लाइटर भी मिला है। सुसाइड नोट से आत्महत्या प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। 

रात तक नहीं लौटे तो शुरू हुई खोजबीन 

बुधवार रात करीब 8.15 बजे सोनी कॉलोनी, अशोकनगर निवासी मुस्कान जैन पुत्री विवेक कुमार जैन (24) अपने मित्र एफसीआई के पास रहने वाले ऋतिक सोनी पुत्र राकेश सोनी (26) के साथ नारंगी रंग की आई-20 कार से इमला की ओर गए थे। दोनों देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजन ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल के आधार पर दोनों की लोकेशन ट्रेस की, जो ईसागढ़ रोड पर मिली।

युवती के शरीर पर चोट, गला कटा, युवक के सिर में गोली का घाव

इसके बाद पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची। वहां टोल प्लाजा के पहले सड़क किनारे कार में दोनों के शव आगे की सीट पर मिले। जानकारी के अनुसार युवती के गले पर कटे हुए घाव व शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि युवक के सिर में गोली लगने का घाव और शरीर के कुछ हिस्से जले हुए मिले।  

इंदौर की कंपनी में कर चुके हैं काम 

बताया जाता है कि ऋतिक और मुस्काल दोनों इंदौर की एक कंपनी में साथ काम करते थे। 3-4 साल से दोनों एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच दोस्ती थी। ऋतिक इंदौर में कार इंटीरियर का व्यवसाय करता था। करीब 15 दिन पहले ही अशोक नगर आया था।

जांच के लिए बनी एसआईटी

मामले में एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। इसमें थाना प्रभारी कोतवाली रवि प्रताप सिंह चौहान, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक नरेश रावत, महिला सेल प्रभारी निरीक्षक रितु चौहान, थाना प्रभारी देहात उपनिरीक्षक भुवनेश शर्मा, सायबर सेल अशोकनगर से सहायक उपनिरीक्षक मंजीत त्रिवेदी शामिल हैं।

साक्ष्यों की जांच कर रही है एसआईटी

एसआईटी घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, डिजिटल साक्ष्य एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। जांच के बाद तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजीव कुमार मिश्रा, एसपी, अशोकनगर

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts