बड़ी खबर :अशोक बर्णवाल मध्यप्रदेश के नए CS, अनुराग जैन बने नीति आयोग के CEO

भोपाल। अपर मुख्य सचिव स्वाथ्य एवं चिकित्सा सेवाएं अशोक बर्णवाल मध्यप्रदेश के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। उनके नाम का आदेश देर शाम जारी हो गया। वहीं सीएस अनुराग जैन नीति आयोग के सीईओ होंगे। जैन के नाम का आदेश शाम को दिल्ली से मंत्रालय पहुंचते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बर्णवाल को सीएम निवास बुलाया और करीब आधे घंटे तक चर्चा के बाद उन्हें नया सीएस बनाने की सहमति दे दी। सीएम ने बर्णवाल और जैन का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
1991 बैच के अशोक बर्णवाल का कार्यकाल 1 जनवरी 2027 तक रहेगा। बर्णवाल के कामकाज की प्रशंसा सीएम ने आईएएस सर्विस मीट में की थी। उन्होंने कहा था कि वन विभाग उन्हें उनकी मंशा पर ही दिया गया है। इसके कुछ समय बाद बर्णवाल को चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य बनाया गया था और कृषि उत्पादन आयुक्त का भी प्रभार मिला था। पिछले माह एपीसी का प्रभार बदला गया।
नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के बारे में...
27 जनवरी 1967 को झारखंड के पारसनाथ में जन्म हुआ। माइनिंग इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद यूपीएससी परीक्षा दी और भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन हुआ। उन्हें मध्यप्रदेश कॉडर मिला और बैच 1991। उनकी पहली पोस्टिंग मध्यप्रदेश के रतलाम में सहायक कलेक्टर के तौर पर हुई। बर्णवाल सीईओ जिला पंचायत सीधी, बस्तर और होशंगाबाद रहे। कलेक्टर के तौर पर गुना व देवास जिले की जिम्मेदारी संभाली। अपर सचिव मुख्यमंत्री, आयुक्त स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा के साथ प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, एसीएस वन एवं किसान कल्याण तथा कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले।
नीति आयोग के लिए कई माह से चल रहा था जैन का नाम

इधर, मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन का नाम नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के लिए कई माह से चल रहा था। उनके नाम का आदेश बुधवार को केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने बुधवार को जारी किया। वे पदभार ग्रहण करने की तिथि से अपना कार्यभार संभालेंगे। जैन का सीएस के तौर पर कार्यकाल 31 अगस्त 2026 तक है।
अनुराग जैन के बारे में...
3 अक्टूबर, 2024 से प्रदेश के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने एमआईटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक और विकास अर्थशास्त्र में माइक्रोमास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें प्रधानमंत्री गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के कार्यान्वयन में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया है।
सीएस ने अफसरों को हाईटी पर बुलाया
नीति आयोग के सीईओ पद पर पोस्टिंग संबंधी आदेश जारी होने के बाद मुख्य सचिव अनुराग जैन ने शाम साढ़े पांच बजे वरिष्ठ अफसरों को हाई-टी पर बुलाया। इस मौके पर उन्होंने विधानसभा में 14 विधेयकों के आने और यूसीसी के मंजूर होने पर अफसरों को बधाई दी।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट का बड़ा फैसला : अयोध्या के 5 संत संभालेंगे धार्मिक कार्य की जिम्मेदारी, CEO की नियुक्ति पर फैसला टला
डॉ. राजेश राजौरा का बदलेगा विभाग
अपर मुख्य सचिव जल संसाधन डॉ..राजेश राजौरा वर्ष 1990 बैच के आईएएस हैं। यानि अशोक बर्णवाल से सीनियर है। ऐसे में संभावना है कि राजौरा को मंत्रालय से बाहर पदस्थ किया जाएगा। राजौरा का रिटायरमेंट मई 2027 में है।












