ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

14 मार्च को भोपाल में रैली करेंगे केजरीवाल और भगवंत मान, जंबूरी मैदान में एक लाख की भीड़ जुटाने दिन रात हो रही मेहनत

भोपाल। पंजाब की सत्ता में आने और गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में 5 सीटें जीतकर खाता खोलने वाली आम आदमी पार्टी को मध्यप्रदेश से बड़ी उम्मीद है। इसी को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार 14 मार्च 2023 को  भोपाल में रैली करेंगे। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले केजरीवाल इस रैली में बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने की कोशिश में हैं। भोपाल के जंबूरी मैदान में होने वाली इस रैली में आम आदमी पार्टी ने (AAP) एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। उसे लगता है कि इतनी भीड़ जुटाने के बाद ही वह मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस पर अपनी छाप छोड़ पाएगी।

मध्यप्रदेश की सत्ता पर 15 साल से भाजपा का कब्जा है। हालांकि, 2018 के चुनावों में कांग्रेस ने भाजपा के हाथ से सत्ता की चाबी छीन ली थी। लेकिन, कांगेस की कमलनाथ सरकार महज 15 महीने ही चल सकी और 28 विधायक टूटकर भाजपा के खेमे में आ गए। इस बार फिर कांग्रेस सत्ता में आने के लिए पूरी ताकत लगा रही है, जबकि आम आदमी पार्टी भी प्रदेश में जड़ें जमाने की कोशिश में लगी है।

सभी संभागों में होंगी बड़ी रैली

आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह कहते हैं कि मंगलवार 14 मार्च को जंबूरी मैदान में होने वाली रैली में एक लाख लोगों को शामिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।  इस रैली के बाद हम राज्य के सभी संभागीय मुख्यालयों में बड़ी रैलियां करेंगे। पंकज ने बताया कि 4 फरवरी को पार्टी के संगठन महासचिव संदीप पाठक द्वारा अभियान शुरू किया गया था। तब से आम आदमी पार्टी ने मध्यप्रदेश में 5 लाख से अधिक सदस्य बनाए हैं। संदीप पाठक मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुपर, ग्वालियर और रीवा जैसे शहरों का दौरा भी कर चुके हैं। बताते चलें कि आम आदमी पार्टी ने कि मध्यप्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

नगरीय निकाय में मिले थे 6.3 फीसदी वोट

पिछले साल जुलाई-अगस्त में हुए स्थानीय निकाय चुनावों आम आदमी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया था। उस अपने पहले नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी को 6.3 प्रतिशत वोट शेयर हासिल हुआ था। इसके अलावा कुल 14 नगर निगम में से एक सिंगरौली नगर निगम में आम की प्रत्याशी का जीतने से भी पार्टी उत्साहित है।  ग्वालियर और रीवा में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। यही नहीं, गैर दलीय आधार पर हुए पंचायत चुनावों में आप समर्थित उम्मीदवारों ने जिला पंचायत सदस्यों की 10,  जनपद सदस्यों की 23, सरपंचों की 130 और पंचों की 250 सीटें जीती थीं।

पंजाब में पहली बार में पाई सत्ता

2022 में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भारी जीत हासिल की थी। उसके उम्मीदवारों ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के कई दिग्गजों को हराया था। इस अप्रत्याशित जीत के बाद पार्टी ने गुजरात की ओर कदम बढ़ाए। अब केजरीवाल की पार्टी छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भी सक्रिय हो रही है। गुजरात के चुनावों में उसे 182 सीटों में से 5 सीटें मिलीं। यही नहीं, पार्टी को यहां 13 प्रतिशत वोट शेयर मिला।

यह भी पढ़ें श्योपुर में मेडिकल कॉलेज और सिंचाई परियोजनाओं का भूमिपूजन, शिवराज बोले- रंगपंचमी पर बरस रहा विकास का रंग

संबंधित खबरें...

Back to top button