🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, छात्र आंदोलन पर चर्चा की मांग

संसद के मानसून सत्र के खत्म होने से ठीक एक दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नीट परीक्षा छात्र आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा को लेकर बड़ा कदम उठाया। उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर सदन में इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की है। अमित शाह ने कहा कि वह सदन में मौजूद रहकर विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
Follow on Google News
गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, छात्र आंदोलन पर चर्चा की मांग
गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी

अमित शाह ने स्पीकर से विपक्ष के साथ चर्चा कर आपसी सहमति से NEET परीक्षा छात्र आंदोलन पर चर्चा के लिए समय तय करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सहमति दे चुकी है। गृहमंत्री ने यह भी कहा कि संसद में चर्चा और संवाद के जरिए ही किसी विषय का समाधान निकाला जा सकता है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच पहले से चला आ रहा गतिरोध अब तक खत्म नहीं हो सका है।

अमित शाह ने स्पीकर से की चर्चा की मांग

संसद के मौजूदा सत्र में विपक्ष दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे पर अमित शाह के बयान और राम मंदिर चंदा चोरी पर चर्चा की मांग करता रहा है। इन मुद्दों को लेकर सदन में लगातार हंगामा होता रहा, जिसके कारण सदन की कार्यवाही भी प्रभावित हुई। इसी बीच अब अमित शाह ने खुद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर नीट परीक्षा छात्र आंदोलन पर चर्चा कराने की मांग की है। उन्होंने स्पीकर से कहा कि विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति से जितना समय उचित समझें, उतना समय आवंटित किया जाए। अमित शाह ने साफ कहा कि वह निर्धारित समय में सदन में उपस्थित रहेंगे और चर्चा में हिस्सा लेंगे।

FCRA संशोधन विधेयक JPC के पास भेजा गया, विपक्ष के विरोध के बीच लोकसभा में प्रस्ताव पारित

सरकार पहले ही चर्चा के लिए दे चुकी है सहमति

अमित शाह ने कहा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने बिजनेस एडवाइजरी कमिटी की बैठक में सरकार की ओर से संसद में NEET परीक्षा पर छात्र आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा के लिए सहमति दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के आग्रह से पहले ही संसद के वर्तमान सत्र में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026 पर चर्चा हो चुकी है। गृहमंत्री के मुताबिक इस चर्चा के दौरान विपक्ष के किसी भी सांसद ने NEET परीक्षा के संबंध में सदन में कोई विचार व्यक्त नहीं किया। इसके बावजूद सरकार इस मुद्दे पर दोबारा चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस चर्चा में भाग लेना चाहिए।

Breaking News

विपक्ष नहीं कर रहा सहयोग

गृहमंत्री ने स्पीकर से अनुरोध किया कि वह विपक्ष के नेताओं से चर्चा करके इस महत्वपूर्ण विषय पर सदन में अच्छे वातावरण में चर्चा कराने की व्यवस्था करें। उन्होंने लिखा कि सभी पक्षों के सांसदों को अपने बहुमूल्य मत और विचार रखने का अवसर मिलना चाहिए। अमित शाह चर्चा के दौरान विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हैं। इससे पहले सरकार की ओर से कहा गया था कि अमित शाह NEET छात्र आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष को सदन की कार्यवाही में सहयोग करना चाहिए। इसके जवाब में विपक्ष ने कहा था कि वह अपने मुद्दों से पीछे नहीं हट रहा है और राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर भी चर्चा होनी चाहिए।

'दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा'... अमित शाह का विपक्ष को खुला चैलेंज- चर्चा करनी है तो 2 बजे तक दें नोटिस, 3 बजे से शुरू होगी बहस

'लोकतंत्र में चर्चा और संवाद से ही समाधान संभव'

अमित शाह ने अपनी चिट्ठी में लोकतंत्र में चर्चा और संवाद के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में उनका अटूट विश्वास है और सदन चर्चा और संवाद के लिए ही है। उन्होंने स्पीकर से आग्रह किया कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा कर इस विषय पर सकारात्मक माहौल में चर्चा कराई जाए। इससे पक्ष और विपक्ष के सभी माननीय सदस्य इस महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार रख सकेंगे। हालांकि, सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के कारण सदन की कार्यवाही पहले ही लगातार प्रभावित रही है और अब सत्र के अंतिम चरण में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

icon

Latest Posts