अंतर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

भारतीयों के लिए अमेरिका बढ़ा रहा कारोबारी वीजा, दोगुनी हो रही सीधी भर्ती की संख्या

नई दिल्ली। अमेरिका ने मंगलवार को कहा कि भारत में कारोबार वीजा जारी करने के काम में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अधिकारियों के मुताबिक इसे और तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। अमेरिका के वैश्विक बाजारों के लिए सहायक वाणिज्य मंत्री अरुण वेंकटरमन ने कहा कि भारतीय छात्रों को वीजा जारी करने के काम में भी अद्भुत प्रगति हुई है।

महामारी की तुलना में अधिक H-1 बी वीजा

वेंकटरमन ने कहा- कारोबार के मोर्चे पर देखा जाए, तो हमने 2022 में महामारी पूर्व यानी 2019 की तुलना में अधिक एच-1बी और एल वीजा जारी किए हैं। हम अभी भी अपने कर्मचारियों को बढ़ाने की प्रक्रिया में हैं। अभी और काम करना बाकी है। वेंकटरमन ने आगे कहा- हम सीधे भर्ती की संख्या को दोगुना कर रहे हैं। हमें दूतावास में वीजा जारी करने की सुविधा देनी है। उन्होंने कहा- महामारी की वजह से वीजा जारी करने की प्रक्रिया में कई चुनौतियां आई थीं। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल में वाशिंगटन में कहा था कि भारत ने अमेरिका के साथ देश के लोगों को कारोबार वीजा जारी करने में अत्यधिक देरी पर चर्चा की है।