अमरवाड़ा उपचुनाव : 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 7 ने वापस लिया नामांकन; 10 जुलाई को होगी वोटिंग

Follow on Google News
अमरवाड़ा उपचुनाव : 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 7 ने वापस लिया नामांकन; 10 जुलाई को होगी वोटिंग
भोपाल। छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा में नामांकन पत्रों की वापसी के बाद अब 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नाम निर्देशन पत्र वापस लेने के अंतिम दिन बुधवार को 7 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के उप-निर्वाचन में अब 9 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रह गए हैं। अमरवाड़ा में 10 जुलाई को मतदान होगा। मतगणना 13 जुलाई को होगी।

अमरवाड़ा में 10 जुलाई को रहेगा अवकाश

मध्य प्रदेश शासन ने जिला छिंदवाडा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के मतदान के दिन 10 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्य शासन ने छिंदवाड़ा के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 123- अमरवाडा (अ.ज.जा.) में 10 जुलाई (बुधवार) को होने वाले विधानसभा उप चुनाव के लिए निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश तथा सामान्य अवकाश घोषित किया हैं।

कांग्रेस विधायक के BJP में जाने से खाली हुई थी अमरवाड़ा सीट

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक कमलेश शाह के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायक कमलेश शाह ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। जिससे चुनाव आयोग ने इस सीट को खाली घोषित कर दिया था।

कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह

अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह इनवाती ने 20 जून को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे मौजूद रहे।

BJP प्रत्याशी कमलेश शाह

अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी की ओर से कमलेश शाह ने 18 जून को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू मौजूद रहे।

BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

सोमवार (17 जून) को भारतीय जनता पार्टी ने इस विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है। जिसमें डॉ. मोहन यादव और वीडी शर्मा के साथ ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ. वीरेंद्र कुमार, दुर्गादास उइके, सावित्री ठाकुर का नाम भी शामिल है। पार्टी ने यहां चुनाव प्रचार के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी स्टार प्रचारक घोषित किया है। इस सीट पर आगामी 10 जुलाई को मतदान होना है।

उपचुनाव की जरूरी तारीखें

नोटिफिकेशन जारी करने की तारीक – 14 जून, 2024 नामांकन करने की अंतिम तिथि – 21 जून, 2024 नामांकन पत्रों की जांच – 24 जून, 2024 नाम वापस लेने की अंतिम तिथि – 26 जून, 2024 उपचुनाव में मतदान की तारीख – 10 जुलाई, 2024 मतगणना की तारीख – 13 जुलाई, 2024 ये भी पढ़ें- अमरवाड़ा उपचुनाव : 16 उम्मीदवारों के नामांकन सही, एक फॉर्म हुआ रिजेक्ट, 26 जून तक होगी नाम वापसी
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts