Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हादसा :अमरनाथ यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त, 6 लोग घायल

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में अमरनाथ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं की इनोवा सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के पांच श्रद्धालु और चालक समेत छह लोग घायल हुए। सभी का जीएमसी उधमपुर में इलाज चल रहा है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अधिकारियों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
अमरनाथ यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त, 6 लोग घायल
उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शनिवार सुबह अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के पांच श्रद्धालु और वाहन चालक समेत कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) उधमपुर में चल रहा है।

खड़े डंपर से टकराई इनोवा

यह हादसा सुबह करीब 5 बजे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जखानी के पास हुआ। अमरनाथ यात्रियों को लेकर जा रही टोयोटा इनोवा सड़क किनारे खड़े एक डंपर से पीछे से टकरा गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

3,600 से ज्यादा श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल थी गाड़ी

हादसे का शिकार हुई इनोवा उस काफिले का हिस्सा थी, जिसमें 3,600 से अधिक श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) उधमपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया हालचाल

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उधमपुर के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका जल्द स्वस्थ होना सुनिश्चित किया जा सके।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts