PlayBreaking News

पंकज त्रिपाठी का 45वां बर्थडे आज: कभी ईश्वर का नाम लेकर फिल्मों में मांगते थे काम, अब हर फिल्ममेकर करना चाहता है साथ काम

Follow on Google News
मुंबई। बिहार के एक छोटे से जिले गोपालगंज से निकलकर पंकज त्रिपाठी ने बॉलीवुड में काफी नाम कमाया है। एक्टर की जिंदगी में एक समय ऐसा भी रहा है जब वो काम की तलाश में अंधेरी की सड़कों में भटका करते थे। अपने अभिनय के दम पर उन्होंने ऐसा मुकाम हासिल किया है कि जो आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है। गैंग्स ऑफ वसेपुर, फुकरे, मसान, बरेली की बर्फी, एक्सट्रेक्शन, स्त्री, लुका छिपी, कागज और मिमी जैसी बेहतरीन फिल्मों में नजर आ चुके पंकज त्रिपाठी आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं।

एक्टिंग में करियर बनाने का सुझाव देते थे लोग

पंकज त्रिपाठी, अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। घरवालों को आर्थिक मदद करने के लिए पंकज 11वीं में ही अपने पिता के साथ खेत में काम किया करते थे। इसके अलावा अक्सर त्योहारों के मौकों पर अपने गांव में होने वाले नाटकों में हिस्सा भी लिया करते थे। गांव वाले उनके अभिनय की बहुत तारीफ किया करते थे। साथ ही उन्हें एक्टिंग में करियर बनाने का सुझाव भी देते थे।

5 स्टार होटल में किया काम

पंकज 12वीं के बाद होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करने पटना चले गए। कॉलेज के दिनों में भी वो प्ले का हिस्सा रहा करते थे और राजनीति में भी उतर चुके थे। एक रैली के चलते उन्हें एक हफ्ते तक जेल में भी रहना पड़ा था। पंकज ने पटना के ही एक 5 स्टार होटल में काम करना शुरू कर दिया। सात साल पटना में बिताने के बाद पंकज दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से ग्रेजुएट होकर मुंबई चले गए।

इतने रुपए लेकर पहुंचे मुंबई

साल 2004 में पंकज अपनी पत्नी के साथ सिर्फ 46 हजार रुपए लेकर मुंबई आ गए। जिसके बाद उनका बॉलीवुड में उनका स्ट्रगल शुरु हो गया। पंकज को साल 2004 में टाटा टी के एड में नेता बनने का रोल मिला। इसी साल एक्टर अभिषेक बच्चन और भूमिका चावला स्टारर फिल्म रन में नजर आए। फिल्म में पंकज पर किसी का ध्यान तक नहीं गया, हालांकि अब ये फिल्म देखते हुए हर कोई उन्हें पहचान कर हैरान होता है।

10वीं में प्यार कर बैठे थे पंकज

साल 2004 में एक्टर ने मृदुला से शादी कर ली। मृदुला को पंकज ने एक शादी के फंक्शन में देखा था जहां उन्हें पहली नजर का प्यार हो गया था। उस समय पंकज 10वीं क्लास में थे। पंकज त्रिपाठी ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि, "उन्होंने 2004 और 2010 के बीच कुछ भी नहीं कमाया। उनकी पत्नी मृदुला ने ही घर के रखरखाव में शामिल सभी खर्चों का बोझ उठाया। एक्टर अंधेरी में लोगों से एक्टिंग में काम दिलवाने के लिए विनती करते थे। लेकिन उस समय उनकी बात किसी ने नहीं सुनी।

गैंग्स ऑफ वासेपुर से मिला बड़ा ब्रेक

6 सालों तक काम ना मिलने के बाद पंकज त्रिपाठी को अनुराग कश्यप की मल्टीस्टारर फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर से बड़ा ब्रेक मिला। नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मनोज बाजपेयी, पियुष शर्मा, हुमा कुरैशी और ऋचा चड्ढा स्टारर फिल्म में पंकज ने सुल्तान कुरैशी का रोल प्ले किया था। इसके बाद पंकज लगातार हिट फिल्मों में नजर आने लगे।

गालियों को इकट्ठा करो और अपने काम पर फोकस करो

पंकज ने बताया कि, वो गांव से आए थे और उन्हें नहीं पता था कि एक्शन सीन कैसे शूट करते हैं। 3-4 टेक के बाद एक्शन डायरेक्टर ने अपने असिस्टेंट से कहा- किसे (गाली देते हुए) पकड़ लाए हो। गाली सुनकर एक्टर का मूड खराब हो गया। तभी एक सीनियर एक्टर ने उनसे बोला क्या हुआ। तो उन्होंने बताया कि मुझे गाली दी मैं इसका सिर फोड़कर गांव चला जाऊंगा। नहीं करनी एक्टिंग। फिर सीनियर एक्टर ने समझाया-इन गालियों को इकट्ठा करो और अपने काम पर फोकस करो, एक दिन यही आएंगे और सर बोलेंगे। वही हुआ। 8 साल बाद एक फिल्म की स्क्रीनिंग में वही व्यक्ति आया और बोला- वाह सर, क्या काम किया है।

फिल्म करने से करना पड़ता है इनकार

एक इंटरव्यू में पंकज ने कहा, पहले काम ढूंढना पड़ता था, अब डेट की वजह से फिल्म करने से इनकार करना पड़ता है। अब, जब मैं घर जाता हूं, तो मुझे मेरे पार्किंग में फिल्में ऑफर होती हैं।"

मिर्जापुर से किया वेब डेब्यू

पंकज ने साल 2018 में अमेजन प्राइम की सीरीज मिर्जापुर से वेब डेब्यू किया था। सीरीज में वो बाहुबली अखंडानंद त्रिपाठी उर्फ कालीन भइया के रोल में थे। इसके अलावा पंकज सेक्रेड गेम्स, क्रिमिनल जस्टिस में भी अहम किरदारों में दिखे हैं।

अपकमिंग प्रोजेक्ट

इस साल पंकज कागज और मिमी मे नजर आए हैं जिन्हें जी5 और अमेजन प्राइम में रिलीज किया गया था। अभी पंकज त्रिपाठी ओह माय गॉड 2 फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। इससे पहले एक्टर 83 और बच्चन पांडे में दिखेंगे।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts