ड्रग्स केस में टीवी एक्टर गौरव दीक्षित को मिली जमानत, कोर्ट ने शहर से बाहर न जाने के दिए निर्देश

मुंबई। ड्रग्स केस में गिरफ्तार एक्टर गौरव दीक्षित को कोर्ट से जमानत मिल गई है। न्यायालय ने कुछ नियमों और शर्तों पर गौरव दीक्षित को जमानत दी है। 50,000 रुपए नकद के निजी मुचलके का भुगतान करने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा किया जाएगा।

जमा करना होगा पासपोर्ट

कोर्ट ने कहा कि इस मामले में चार्जशीट दाखिल होने तक गौरव दीक्षित को सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक एनसीबी कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा। साथ ही अपना पासपोर्ट जांच अधिकारी के पास जमा करना होगा।

27 अगस्त को हुई थी गिरफ्तारी

कोर्ट की अनुमति के बिना गौरव दीक्षित मुंबई नहीं छोड़ सकते। दरअसल, एक्टर एजाज खान द्वारा ड्रग मामले में दी गई जानकारी के आधार पर गौरव दीक्षित को एनसीबी ने 27 अगस्त को गिरफ्तार किया था।

घर से मिला था एमडी और चरस

एनसीबी ने गौरव दीक्षित के घर से एमडी और चरस बरामद किया था जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। गौरव दीक्षित एक टीवी कलाकार हैं और फिल्मों में छोटे मोटे रोल निभा चुके हैं।

वर्कफ्रंट

गौरव 'द मैजिक ऑफ सिनेमा', दाहेक: द रेस्टलैस माइंड और बॉबी: लव और लस्ट जैसी में फिल्मों में काम कर चुके हैं। गौरव ने टीवी सीरियल जैसे सीता-गीता में काम किया है। एनसीबी को छापेमारी के दौरान उनके घर से प्रतिबंधित दवाइयां जैसे एमडी, एमडीएए और कई दूसरे नशीले पदार्थ बरामद हुए थे।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts