
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक जोमैटो के डिलीवरी बॉय पर गुरुवार देर रात चाकुओं से हमला कर दिया। युवक देर रात को करोल बाग में ऑर्डर की डिलीवरी करने जा रहा था। रास्ते में तीन युवकों ने उसे रोका और पैसे मांगे। मना करने पर चाकू से हमला कर दिया। खून से लथपथ खुद बाइक चलाकर अरविंद अस्पताल पहुंचा। यहां पर उसकी हालत बिगड़ते देखे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
राजगढ़ जिले का रहने वाला था युवक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक सुनील (24) पुत्र अमृतलाल वर्मा है। जो कि राजगढ़ के भगोरा गांव का रहने वाला था। इंदौर में बर्फानी धाम क्षेत्र में रह रहा था। उसका छोटा भाई रवि भी इंदौर में डिलीवरी बॉय का काम करता है। सुनील जोमैटो में काम करता था। गुरुवार रात वह ऑर्डर लेकर जा रहा था। तभी रास्ते में उसके साथ वारदात हो गई। सुनील के पिता किसान है।
पुलिस अज्ञात आरोपियों की कर रही तलाश
इस मामले में पुलिस ने बताया कि डिलीवरी बॉय की हत्या की जांच की जा रही है। रात के समय तीन लोगों ने उसे लूटने की कोशिश की थी और उसे चाकू मारकर घायल कर दिया था। अस्तपाल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जहां घटना हुई है वहां निर्माणाधीन रोड है। वहां ना तो घर है ना ही स्ट्रीट लाइट। इस मामले में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लहूलुहान हालत में पहुंचा अस्पताल
मृतक के परिजनों ने बताया कि सुनील लहूलुहान हालत में ही घटना स्थल से करीब डेढ़ किमी दूर अरविंदो अस्पताल पहुंचा। अस्पताल के गार्ड को घटना के बारे में बताया। बाद में सुनील के भाई को फोन पर इस घटना की सूचना मिली। अरविंदो अस्पताल से सुनील को एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: भोपाल में सड़क हादसा, बस और डंपर में भिड़ंत; 13 यात्री घायल