
मालदीव की राजधानी माले में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बिल्डिंग के गैरेज में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 भारतीयों समेत 10 लोगों की मौत हो गई है। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गई और देखते ही देखते पूरी इमारत जल गई।
भारतीय उच्चायोग ने दुख जताया
मालदीव में भारतीय उच्चायोग ने माले में आग लगने की इस घटना पर दुख जताया है। जिसमें 9 भारतीय नागरिकों समेत कुल 10 लोगों की मौत हुई है। भारतीय दूतावास ने कहा कि वह इस घटना को लेकर मालदीप सरकार के संपर्क में बने हुए हैं। भारतीय उच्चायोग ने पीड़ितों की मदद के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
मालदीव के नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने ट्वीट कर बताया कि माले में लगी इस आग के प्रभावितों के लिए एक स्टेडियम में राहत एवं बचाव केंद्र बनाया गया है। पीड़ितों की मदद के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कार गैराज से उत्पन्न हुई थी आग
माले में अधिकारियों ने कहा कि आग में नष्ट हुई एक इमारत की ऊपरी मंजिल से 10 शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि आग कार मरम्मत गैरेज से उत्पन्न हुई थी, जो बाद में कामगारों के घर तक फैल गई।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
एक दमकल कर्मी ने बताया कि आग बहुत तेजी से फैली है। जिसके कारण लोगों को बचने का मौका ही नहीं मिला। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के अंदर जाने वाले दरवाजे पर आग लगी थी। हमारे लिए अंदर जाना मुश्किल हो रहा था। इसलिए एक छोटी सी खिड़की से लोगों को बाहर निकाला गया। हम बिल्डिंग में मौजूद सभी लोगों को बचा नहीं पाए। अब तक कुल 10 लोगों की मौत हुई है। लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें- Nirav Modi को भारत लाने का रास्ता साफ… लंदन हाईकोर्ट ने खारिज की प्रत्यर्पण रोकने की अर्जी
9 लोग अभी भी लापता
मालदीव नेशनल डिफेंस फोर्स (MNDF) की फायर एंड रेस्क्यू सर्विस के मुताबिक, 28 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। 9 लोग अब भी लापता हैं। वहां कुल कितने लोग थे, इसकी जानकारी नहीं है।