
भोपाल/बड़वानी। मध्य प्रदेश में इस साल विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। इस चुनावी साल में नेताओं का दल बदलने का दौर जारी है। इस बार बीजेपी को बड़ी झटका लगा है। खरगोन-बड़वानी लोकसभा के पूर्व सांसद माखन सिंह सोलंकी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई।
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी को यह झटका तब दिया है, जब 1 अप्रैल यानि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल आ रहे हैं। इससे पहले बीजेपी ने भी कांग्रेस को कुछ दिन पहले झटका दिया था। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में कांग्रेस के बड़े नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली थी।
खरगोन-बड़वानी सांसद रह चुके हैं सोलंकी
बता दें कि माखन सिंह सोलंकी बीजेपी से खरगोन-बड़वानी सांसद रह चुके हैं। निमाड़ क्षेत्र में सोलंकी की अच्छी पकड़ मानी जाती है। शुक्रवार को उन्होंने सैकड़ों की संख्या में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उनको पार्टी का गमझा पहनाकर सदस्यता दिलाई।
पूर्व सासंद को मनाने की सभी कोशिशें हुई नाकाम
भाजपा में अपनी उपेक्षा से नाराज पूर्व सासंद ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। माखन सिंह सोलंकी खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से 2009 में भारतीय जनता पार्टी के सांसद रहे। सोलंकी ने शुक्रवार को बड़वानी जिले के सिलावद में जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ली।