
भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। हबीबगंज के लिंक रोड नंबर दो कृष्ण प्रणामी मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को अस्पताल ले जाने पर डॉकटर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर को जब्त कर लिया है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर निजामुद्दीन कालोनी पिपलानी निवासी 55 वर्षीय अकबर बशीर शिवाजी नगर से निकलकर चार इमली की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान लिंक रोड नंबर दो अर्जुन नगर के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। कोपरे से भरा डंपर माता मंदिर की तरफ से आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार हवा में करीब दो फीट उछला और फिर सड़क पर गिर गया। हेलमेट नहीं पहनने की वजह से हादसे में बाइक सवार को सिर पर गंभीर चोट आई थी। बताया जा रहा है कि, हेलमेट बाइक के हैंडल पर टंगा हुआ था।
हबीबगंज पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार के पास मिले दस्तावेज से उनकी पहचान की गई। जिसके बाद उनके परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी गई। 55 वर्षीय अकबर बशीर एक निजी फाइनेंस कंपनी में लोन सर्वेयर थे और दस्तावेज का सत्यापन किया करते थे।