
ग्वालियर के भितरवार क्षेत्र में एक साथ 3 लोगों की नहर में डूबने से मौत की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। डबरा के भितरवार में अलग-अलग 3 लोगों की नहर में डूबने से मौत हो गई। तीनों के शवों को नहर से बाहर निकाल लिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार भिजवाया है।
https://twitter.com/psamachar1/status/1576423029092909058
शादी में शामिल होने आए युवक का पैर फिसला
भितरवार क्षेत्र में पहली घटना चीनोर थाना क्षेत्र के मेहगांव में हुई। जहां बुआ के लड़के की शादी में शामिल होने आए दतिया के सोनागिर निवासी सोहेल खान का नहर में नहाते समय पैर फिसल गया। तेज बहाव होने के कारण वह नहर में डूब गया। उसके साथ नहर में नहा रहे अन्य लोगों ने जब सोहेल को डूबता देखा, तो उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन, पानी के तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सके। ये घटना शनिवार दोपहर 3 बजे की बताई जा रही है।
झाड़ियों में फंसा मिला शव
हादसे की तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और सोहेल को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मिला। रविवार सुबह जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से बात कर नहर में पानी रोका गया तब जाकर सोहेल का शव काफी दूर जाकर झाड़ियों में फंसा मिला। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। शव का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घर में शादी का माहौल गम में तब्दील हो गया। जिस घर में लोग खुशियां मना रहे थे, वहां अचानक युवक की मौत होने से लोगों लोगों का रो रो कर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर लिया है।
नहाते समय नहर में डूबे 2 गायक
इधर, दूसरी घटना करहिया थाना क्षेत्र में हुई। यहां दुवहा निवासी गब्बर जाटव और अशोक जाटव की हादसे में मौत हो गई। दोनों चमेली के चक पर माता रानी के भजन गाने के लिए गए थे। दोनों नहाते समय नहर में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन उन्हें नहीं बचा जा सकें। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव नहर से बरामद किए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भितरवार भेजकर मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर : किसान के 34.5 लाख रुपए लेकर भागा युवक पकड़ाया, गोवा-मुम्बई जाने की तैयारी में था