
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। यहां दिलकुशा कॉलोनी में दीवार गिरने से 9 लोगों की दबकर मौत हो गई। उधर, उन्नाव में भी भारी बारिश के चलते एक घर की छत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ और उन्नाव की घटना पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ कैंट एरिया में हुआ हादसा
लखनऊ कैंट के अंतर्गत दिलकुशा में ये हादसा हुआ है। मरने वाले सभी मजदूर बताए जा रहे हैं, जो कैंट एरिया में आर्मी की पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी में रह रहे थे। वे यहां नई बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में लगे थे। DM ने बताया कि बांउड्रीवाल के पास लोग झोपड़ी में सोए थे। शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे अचानक दीवार गिरने से सभी उसकी चपेट में आ गए।
#उत्तर_प्रदेश: भारी #बारिश से हजरतगंज में बड़ा हादसा, दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत#PeoplesUpdate #Rain #UPNews pic.twitter.com/6JXxN4fC5t
— Peoples Update (@PeoplesUpdate) September 16, 2022
हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 पुरूष, 3 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। वहीं दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। आसपास के लोगों ने बताया कि भारी बारिश होने के चलते दीवार काफी कमजोर हो गई थी। आसपास की मिट्टी धंसने से दीवार ढह गई। सभी मृतक और घायल झांसी जिले के पचवारा के रहने वाले हैं।
मृतकों की डिटेल्स
1. प्रदीप पुत्र पप्पू, उम्र 28 वर्ष
2. रेशमा पत्नी प्रदीप, उम्र 22 वर्ष
3. नैना उर्फ भारती पुत्री प्रदीप, उम्र 1 वर्ष
4. पप्पू पुत्र घनश्याम, उम्र 40 वर्ष
5. मानकुंवर देवी पत्नी पप्पू, उम्र 40 वर्ष
6. धर्मेंद्र, उम्र 24 वर्ष
7. वीबी चंदा पत्नी धर्मेंद्र, उम्र 20 वर्ष
8. एक साल का लड़का
9. दो साल का लड़का
2 घायलों के नाम
1. राघवेंद्र पुत्र करन, उम्र 20 साल
2. गोलू पुत्र पप्पू, उम्र 18 साल
सीएम ने आर्थिक मदद का किया ऐलान
सीएम योगी ने लखनऊ में दीवार गिरने की घटना पर संज्ञान लिया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। इसके अलावा अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें- पंजाबी सिंगर Daler Mehndi को हाईकोर्ट से राहत, मानव तस्करी मामले में मिली जमानत
अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिन तक बारिश के साथ आंधी तूफान की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 35 जिलों- बांदा, चित्रकुट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, संत कबीर नगर, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, मऊ, कनौज, कानपुर शहर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, कानपुर देहात, अयोध्या, अंबेडकर नगर मैनपुरी, इटावा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, औरैया, महोबा और ललीतपुर में तेज बारिश के आसार हैं।