राष्ट्रीय

बहुत जल्द खुलेगा श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग, रास्ते से हटाई जा रही बर्फ

भारी बर्फबारी के कारण शेष देश से कटे केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में 434 किमी लंबे श्रीनगर-लेह मार्ग को खोल कर सड़क संपर्क बहाल करने की मुहिम वीरवार से शुरू हो गई। कश्मीर को लद्दाख से जोड़ने वाला यह इकलौता महत्वपूर्ण मार्ग है। वहीं पिछले साल की तुलना में इस बार बर्फबारी कम होने की वजह से रास्ता जल्दी खुल जाने की संभावना जताई जा रही है।

कई स्थानों पर हिमस्खलन की वजह से हो रही परेशानी

बीआरओ के बीकन संगठन के अनुसार, इस राजमार्ग से बर्फ हटाने का कार्य पूरी तेजी के साथ जारी है। दरअसल जम्मू कश्मीर व लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन इस पर जोर दे रहे हैं कि राजमार्ग जल्द से जल्द खुल जाए। हालांकि इस राजमार्ग पर पिछले साल की बनिस्बत कम बर्फबारी हुई है पर राजमार्ग से बर्फ हटाने में जुटे कर्मियों को कई स्थानों पर हिमस्खलन की परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, जिस वजह से कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है।

फरवरी के अंत तक पूरा हो सकता है काम

बीआरओ के अधिकारियों के मुताबिक, अगर मौसम ने साथ दिया तो इस राजमार्ग से इस महीने के अंत तक बर्फ को हटा दिया जाएगा। इसके बाद राजमार्ग की परिस्थितियों को जांचने के बाद ही इस पर यातायात बहाल करने की अनुमति प्रदान की जाएगी।

यहां जमकर गिरी बर्फ

श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर इस बार कम बर्फ गिरी है, लेकिन इस राजमार्ग के सबसे ऊंचे प्वाइंट जोजिला दर्रे पर ऐसा नहीं है। वहां जमकर बर्फ गिरी और अब वहीं पर हिमस्खलन बीआरओ कर्मियों के लिए चुनौती बने हुए है। याद रहे जोजिला दर्रे को बर्फ की वजह से साल में 4 से 6 महीने तक बंद रखा जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि सोनामर्ग-बालटाल रोड पर इस बार 4 से 6 फीट बर्फ है और जोजिला पर यह 8 से 10 फुट है। यही कारण था कि इस बार अधिकारियों को इसे जल्द चालू करने की उम्मीद बंधी है। वैसे हर साल जोजिला में 10 से 15 फुट और सोनामर्ग-बालटाल पर भी इतनी ही बर्फ होती थी।

राष्ट्रीय की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button