अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

पुतिन ने किया बर्खास्त, कुछ घंटों बाद मिली लाश; रूस के पूर्व मंत्री रोमन स्टारोवोइट ने की आत्महत्या

रूस में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा बर्खास्त किए जाने के कुछ ही घंटों बाद परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट की लाश उनकी कार से बरामद हुई। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है।

भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप, पुतिन ने किया था बर्खास्त

रोमन स्टारोवोइट पर रूस के विमानन और शिपिंग क्षेत्रों में लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। इन आरोपों के चलते राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें परिवहन मंत्री के पद से हटा दिया। बर्खास्तगी की घोषणा के कुछ ही घंटे बाद उनकी मौत की खबर सामने आई।

कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर से मंत्री तक का सफर

स्टारोवोइट ने मई 2024 में परिवहन मंत्री पद संभाला था। उससे पहले वे कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर के रूप में लगभग 5 साल तक कार्यरत रहे। कुर्स्क में उनके कार्यकाल के दौरान सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर उनकी सराहना भी हुई थी। उनके नेतृत्व में क्षेत्रीय विकास को बल मिला था।

बर्खास्तगी की तैयारी पहले से थी

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, रोमन स्टारोवोइट को पद से हटाने और उप परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन को उनकी जगह लाने की योजना सेंट पीटर्सबर्ग में हुए आर्थिक फोरम से पहले ही बन चुकी थी। यानि स्टारोवोइट की जगह बदलने की प्रक्रिया पूर्व-नियोजित थी।

यूक्रेन युद्ध और कुर्स्क की अस्थिरता ने बढ़ाई मुश्किलें

कुर्स्क क्षेत्र यूक्रेन की सीमा से सटा है, वहां यूक्रेनी सेना के घुसपैठ के बाद से हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे। जब स्टारोवोइट ने कुर्स्क का प्रशासन छोड़ा, उसके दो महीने बाद यूक्रेनी सैनिक क्षेत्र में घुस आए थे। इसके बाद कई स्थानीय अधिकारियों को भी भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया।

एक समय में पुतिन के भरोसेमंद सहयोगियों में शुमार रहे रोमन स्टारोवोइट को देश की सड़कों और ढांचागत विकास में योगदान के लिए जाना जाता था। लेकिन हालिया आरोपों और असफलताओं ने उनके राजनीतिक करियर को गहरा धक्का पहुंचाया। कहा जा रहा है कि मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button