
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों पांच देशों के विदेश दौरे पर हैं। 3 जुलाई को वे त्रिनिदाद एंड टोबैगो पहुंचे, जहां उन्होंने वहां बसे भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने गिरमिटिया इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, भारतीय मूल के लोगों की पहचान और भारत-त्रिनिदाद संबंधों पर विस्तार से बात की। पीएम मोदी ने इस मुलाकात को भावनात्मक और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू नदी का पवित्र जल भी वहां पहुंचाया।
प्रवासी भारतीयों की गाथा को बताया साहस की मिसाल
प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो के भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां के भारतीय समुदाय की यात्रा साहस से भरी रही है। उन्होंने कहा कि आपके पूर्वजों ने जो तकलीफें सहीं, वह किसी भी मजबूत आत्मा को भी तोड़ सकती थीं, लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि, “उन्होंने गंगा-यमुना को पीछे छोड़ा, लेकिन रामायण को दिल में लेकर चले। अपनी मिट्टी छोड़ी, लेकिन संस्कार नहीं। वे सिर्फ प्रवासी नहीं थे, बल्कि एक सभ्यता के दूत थे।”
त्रिनिदाद को बताया ‘भारत से जुड़ा दिल’
पीएम मोदी ने कहा कि वे 25 साल पहले भी त्रिनिदाद आए थे, लेकिन तब वे भाजपा के संगठन महामंत्री थे। उन्होंने कहा— “तब से अब तक हमारी दोस्ती और रिश्ते और गहरे हुए हैं। यहां बनारस, पटना और कोलकाता जैसे शहरों के नाम की सड़कें हैं। रामलीला, नवरात्रि, शिवरात्रि जैसे पर्व यहां धूमधाम से मनाए जाते हैं।”
अयोध्या से लाए राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू जल
पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों की भक्ति और संस्कृति को सम्मान देते हुए त्रिनिदाद में राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू नदी का पवित्र जल भेंट किया। उन्होंने कहा- “आपने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए जल और शिला भेजी थी, मैं भी उसी भक्ति के साथ यह भेंट लाया हूं।”
ओसीआई कार्ड पर ऐलान: छठी पीढ़ी को भी मिलेगा अधिकार
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि अब त्रिनिदाद एंड टोबैगो में बसे भारतीय मूल की छठी पीढ़ी को भी OCI (Overseas Citizen of India) कार्ड दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत उनके खून, सरनेम या नातेदारी से नहीं, बल्कि अपनत्व की भावना से जुड़ा है। “भारत आपको गले लगाता है,” पीएम मोदी ने कहा।
कमला को बताया बिहार की बेटी
पीएम मोदी ने त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला परसाद बिसेसर को “बिहार की बेटी” बताते हुए कहा कि उनके पूर्वज बिहार के बक्सर से थे और उन्होंने वहां जाकर अपने पूर्वजों की भूमि को नमन भी किया है। पीएम ने कहा कि, “बिहार की विरासत भारत ही नहीं, पूरी दुनिया के लिए गर्व का विषय है।”
स्पेस मिशन और विज्ञान में भारत की उन्नति का किया जिक्र
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने भारत की वैज्ञानिक प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब चंदा मामा दूर नहीं हैं। भारत जल्द ही अपना स्पेस स्टेशन बनाएगा और भारतीय चंद्रमा की सतह पर भी जाएंगे। उन्होंने कहा— “हम सिर्फ तारे नहीं गिनते, बल्कि आदित्य मिशन से उनके पास भी जाते हैं।”
भारत-त्रिनिदाद संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर
पीएम मोदी की यात्रा त्रिनिदाद एंड टोबैगो के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। इस दौरान रक्षा, ऊर्जा, UPI तकनीक, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर चर्चा की जा रही है।
गिरमिटिया इतिहास को दिया सम्मान
इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण कारण यह भी है कि इस साल त्रिनिदाद एंड टोबैगो में भारतीय गिरमिटिया मजदूरों के आगमन की 180वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि गिरमिटिया पूर्वजों का संघर्ष आज भारतीय मूल के लोगों की पहचान और गौरव का प्रतीक बन गया है।
ये भी पढ़ें- अमेरिकी संसद के दोनों सदनों से ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ पास : 4 जुलाई को साइन करेंगे ट्रंप, जानें इससे क्या होगा बदलाव