
प्रयागराज से बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6036 सोमवार को टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी गड़बड़ी के चलते रद्द कर दी गई। यात्रियों के अनुसार, फ्लाइट बोर्डिंग के बाद केबिन में पेट्रोल जैसी गंध महसूस हुई, जिससे विमान में बैठे यात्रियों में घबराहट और असमंजस का माहौल बन गया।
यह फ्लाइट सुबह 11:35 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली थी। यही फ्लाइट बेंगलूरू से प्रयागराज के लिए उड़ान भरकर 10:45 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंची थी। इसे फिर 11:35 बजे बेंगलूरू के लिए उड़ान भरना था। सुरक्षा कारणों से इसे निरस्त कर दिया गया।
फ्लाइट के भीतर महसूस हुई ईंधन जैसी तेज गंध
फ्लाइट में सवार NLSIU बेंगलुरु के एक छात्र ने बताया कि टेकऑफ में देरी हो रही थी। इस बीच एयरलाइन स्टाफ द्वारा बताया गया कि सुरक्षा जांच चल रही है और कोई खतरे की बात नहीं है, लेकिन कुछ देर बाद यात्रियों ने केबिन में पेट्रोल जैसी गंध की शिकायत की। इसके बाद पायलट और टेक्निकल टीम ने संभव खतरे को देखते हुए फ्लाइट निरस्त करने का फैसला लिया।
सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया
जानकारी के अनुसार, गंध की शिकायत के बाद 4-5 टेक्नीशियन और एयरलाइन स्टाफ कॉकपिट में पहुंचे और पायलट से विचार-विमर्श किया। इसके तुरंत बाद यात्रियों को कहा गया कि वे अपना सामान लेकर विमान से बाहर आ जाएं। थोड़ी ही देर में फ्लाइट को औपचारिक रूप से रद्द कर दिया गया।
इंडिगो ने दी वैकल्पिक उड़ानों और कैब सुविधा की जानकारी
इंडिगो की ओर से यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट को तकनीकी कारणों से निरस्त किया जा रहा है और उनकी सुरक्षा सबसे ऊंची प्राथमिकता है। यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, वाराणसी और लखनऊ जैसे नजदीकी शहरों से वैकल्पिक उड़ानें पूर्ण रिफंड या बाद की तिथि पर टिकट शिफ्ट करने का विकल्प लखनऊ एयरपोर्ट तक कैब सुविधा प्रदान की गई। यात्रियों को ‘फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व’ के आधार पर दूसरी फ्लाइट्स में शिफ्ट किया गया।
छात्रों में नाराजगी, कई प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े थे यात्री
फ्लाइट में बड़ी संख्या में छात्र सवार थे, जिनमें से कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के थे। अचानक फ्लाइट रद्द होने की सूचना के बाद कुछ छात्रों के परिजन भी एयरपोर्ट पहुंच गए। कुछ यात्रियों ने फ्लाइट रद्द होने को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई।
एयरपोर्ट प्रशासन ने दी सफाई, सुरक्षा सर्वोपरि
प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक मुकेश चंद्र उपाध्याय ने कहा- हाल ही में देशभर में कुछ तकनीकी घटनाओं को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। जैसे ही फ्लाइट में गंध महसूस हुई, तुरंत रद्द करने का निर्णय लिया गया। यात्रियों को पूरी सुविधा देने और रिफंड की व्यवस्था की जा रही है।