
भोपाल। इजराइल-ईरान युद्ध के कारण कतर में फंसी उज्जैन निवासी मनीषा भटनागर की सकुशल स्वदेश वापसी हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मनीषा से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और सकुशल लौटने पर प्रसन्नता जाहिर की।
मुख्यमंत्री ने की थी अमित शाह से अपील
कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रू के पद पर कार्यरत मनीषा भटनागर युद्ध संकट के चलते विदेश में फंस गई थीं। मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी सुरक्षित वापसी के लिए सहायता मांगी थी।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें….
राज्य अधिकारियों को दिए गए थे स्पष्ट निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य के संबंधित अधिकारियों को केंद्र सरकार के संपर्क में रहकर मनीषा की वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। प्रयासों के चलते मनीषा सकुशल स्वदेश लौट आईं।
वीडियो कॉल पर जाना हालचाल, जताया धन्यवाद
मनीषा की वापसी के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनसे वीडियो कॉल पर बातचीत की। उन्होंने मनीषा से उनके अनुभव साझा करने को कहा और यह भी कहा कि प्रदेश सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।
प्रदेशवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा, हमारे नागरिक कहीं भी हों, उनकी सुरक्षा प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। संकट की घड़ी में हम उनके साथ हैं। उन्होंने केंद्र सरकार विशेष रूप से गृह मंत्री अमित शाह का भी आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें- ईरान-इजराइल जंग के बीच कतर में फंसी उज्जैन की महिला, पति ने मांगी मदद, सीएम ने गृहमंत्री शाह से की बात