
संयुक्त राज्य अमेरिका ने एक नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर अपनी महिला नागरिकों को भारत के छह राज्यों ओडिशा, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और मेघालय में अकेले यात्रा न करने की चेतावनी दी है। अमेरिका ने इन राज्यों को संवेदनशील बताते हुए कहा है कि इन क्षेत्रों में सुरक्षा सेवाएं सीमित हैं, खासतौर से ग्रामीण इलाकों में। इस चेतावनी पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे अनुचित, पक्षपातपूर्ण और भारत की छवि को धूमिल करने वाला बताया है।
महिला यात्री बरतें अत्यधिक सावधानी- अमेरिका
रविवार को जारी एडवाइजरी में अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, “महिलाएं विशेष रूप से इन छह राज्यों के दूरदराज और राजधानी शहरों के बाहर के इलाकों में अकेले यात्रा करने से बचें। अकेले यात्रा न करें, खासकर अगर आप महिला हैं।”
अमेरिकी सरकार ने यह भी जोड़ा कि इन क्षेत्रों में अमेरिकी अधिकारियों की मदद सीमित होती है और यहां आने वाले कर्मचारियों को विशेष अनुमति लेनी होती है।
कश्मीर, बॉर्डर और पूर्वोत्तर भारत को भी बताया संवेदनशील
अमेरिका ने अपनी पुरानी चेतावनियों को दोहराते हुए जम्मू-कश्मीर, भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों को भी उच्च जोखिम वाला घोषित किया है। यह बताते हुए कि इन क्षेत्रों में सुरक्षा स्थिति अस्थिर बनी हुई है।
ओडिशा सरकार ने जताई आपत्ति
ओडिशा के खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने अमेरिकी सलाह पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “दुनिया में ओडिशा जितना शांतिप्रिय स्थान और कोई नहीं है। अपराध होते हैं, लेकिन हमारी सरकार शून्य-सहिष्णुता की नीति अपनाती है। क्या अमेरिका पूरी तरह अपराधमुक्त है? वहां तो ट्रंप और व्हाइट हाउस तक पर हमले हो चुके हैं।”
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने इस एडवाइजरी को भारत के खिलाफ साजिश करार देते हुए कहा, “अमेरिका भारत की विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की संभावना को पचा नहीं पा रहा है। यह भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिगाड़ने की कोशिश है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने के बजाय अपने देश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।
अमेरिका ने खुद मानी अपनी खामियां
दिलचस्प बात यह रही कि अपनी चेतावनी जारी करते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने स्वीकार किया कि यौन अपराधों के मामले में अमेरिका भी दुनिया के सबसे ऊपर वाले देशों में शामिल है।