
जबलपुर। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की जून माह की 25वीं किस्त अब सोमवार 17 जून को प्रदेश की बहनों के खातों में भेजी जाएगी। यह जानकारी राज्य सरकार द्वारा दी गई है। पहले यह किस्त 13 जून को जारी की जानी थी, लेकिन अहमदाबाद विमान हादसे के चलते जबलपुर का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को जबलपुर जिले के बरगी में आयोजित कार्यक्रम में राशि का वितरण करेंगे।
लाड़ली बहनों को 25वीं बार मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में ₹1551.44 करोड़ की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह योजना की 25वीं किस्त होगी, जिसमें हर बहन को ₹1250 की राशि उनके बैंक खाते में प्राप्त होगी। योजना के तहत यह राशि महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन के उद्देश्य से प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम अन्य योजनाओं की राशि भी होगी ट्रांसफर
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 56.68 लाख हितग्राहियों को ₹341 करोड़ की राशि मिलेगी। सिलेंडर रिफिलिंग योजना में 27 लाख से अधिक महिलाओं को ₹39.14 करोड़ सीधे खातों में भेजे जाएंगे। यह राशि भी एक क्लिक में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे हितग्राहियों को त्वरित और पारदर्शी लाभ मिल सके।
संबल योजना में श्रमिक परिवारों को सहायता
मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत 6821 श्रमिक परिवारों को ₹150 करोड़ की अनुग्रह राशि भी एक साथ ट्रांसफर करेंगे। यह योजना असंगठित श्रमिक वर्ग को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही है।
विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव जबलपुर के बरगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम में जिले के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लाभार्थी महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति अपेक्षित है।
ये भी पढ़ें- हर्षवर्धन राणे की फिल्म ‘Ek Deewane Ki Deewaniyat’ के सेट पर हादसा, हीलियम गुब्बारे फटने से मचा हड़कंप