
वॉशिंगटन डीसी। दुनिया के सबसे अमीर शख्सों में शामिल एलन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच छिड़ी जंग अब खुलेआम हो गई है। राष्ट्रपति ट्रंप से विवाद के बाद 5 जून को मस्क ने सोशल मीडिया X पर एक पोल शेयर किया था। जिसमें उन्होंने अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने को लेकर एक राय मांगी थी। इस पर 80.4% लोगों ने हां में जवाब दिया था।
बता दें कि, मस्क और ट्रंप दोनों पहले दोस्त थे, फिर राजनीतिक साझेदार बने, लेकिन अब एक-दूसरे के खिलाफ खुलकर बयानबाजी कर रहे हैं। विवाद की शुरुआत ट्रंप के नए टैक्स बिल ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ से हुई, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलने वाली सब्सिडी में कटौती की बात कही गई। मस्क इससे नाराज हो गए और सोशल मीडिया पर ट्रंप की नीतियों को ‘फिजूलखर्ची’ बताया।
जनता की राय और ‘The America Party’ का संकेत
5 जून को एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोल शेयर किया, जिसमें उन्होंने पूछा – “क्या अमेरिका में एक नया राजनीतिक दल बनना चाहिए?” इस पोल में 80.4% लोगों ने ‘हां’ में जवाब दिया। पोल खत्म होने के बाद मस्क ने रिपोस्ट कर लिखा – “The America Party”। इससे साफ संकेत मिला कि मस्क नई पार्टी बनाने की सोच रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अब तक इस पर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
ट्रंप ने मस्क को बताया विश्वासघाती
मस्क के बयानों से भड़के डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर मस्क को “विश्वासघाती” बताया। उन्होंने धमकी दी कि मस्क की कंपनियों को दी जाने वाली सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट्स को रद्द किया जा सकता है। ट्रंप ने कहा कि, मस्क ने चुनाव जिताने में मदद का दावा कर खुद को बहुत बड़ा साबित करने की कोशिश की है।
रूस ने दी मस्क को शरण की पेशकश
इस विवाद में अब अंतरराष्ट्रीय एंगल भी जुड़ गया है। रूस के सांसद दिमित्री नोविकोव ने कहा है कि यदि जरूरत पड़ी, तो रूस एलन मस्क को राजनीतिक शरण दे सकता है। उन्होंने कहा, “हमने अमेरिकी व्हिसलब्लोअर एडवर्ड स्नोडेन को भी शरण दी थी, अगर मस्क को जरूरत हुई तो हम उनकी मदद करेंगे।”
हालांकि, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने विवाद को अमेरिका का “आंतरिक मामला” बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
पुरानी दोस्ती टूटी, अब बन गए विरोधी
30 मई तक मस्क और ट्रंप साथ देखे गए थे और एक-दूसरे की तारीफ भी कर रहे थे। लेकिन इसके 6 दिन बाद ही बिग ब्यूटीफुल बिल पर मस्क का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ट्रंप के खिलाफ हमला बोलते हुए यहां तक कह दिया कि “मेरे बिना ट्रंप चुनाव नहीं जीत सकते थे।” मस्क ने 259 मिलियन डॉलर ट्रंप के चुनाव अभियान में खर्च करने का भी दावा किया। इसके बाद से दोनों के बीच संबंध लगातार खराब होते चले गए।
मस्क को कितना नुकसान?
ट्रंप से टकराव के बाद टेस्ला के शेयरों में 14% की गिरावट आई। इससे मस्क की निजी संपत्ति में 34 अरब डॉलर की एक दिन में गिरावट हुई, जो 2025 की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है। पिछले कुछ महीनों में मस्क की कुल संपत्ति में लगभग 64.1 अरब डॉलर की कमी आई है।
हालांकि, चुनाव के बाद मस्क की संपत्ति में बड़ा उछाल आया था – 5 नवंबर 2024 को उनकी नेटवर्थ 264 अरब डॉलर थी, जो 5 जून 2025 को बढ़कर 334 अरब डॉलर हो गई।
दोनों कैसे एक-दूसरे को नुकसान पहुंचा सकते हैं?
मस्क के पास ट्रंप को चुनौती देने के ये हथियार हैं:
- चुनावी फंडिंग रोक सकते हैं- मस्क ने ट्रंप को अब तक 250 मिलियन डॉलर की मदद दी है। आखिरी किस्त रोक सकते हैं।
- सांठगांठ और घोटालों का खुलासा कर सकते हैं- मस्क ने ट्रंप पर जेफरी एप्स्टीन से जुड़ी फाइलें दबाने का आरोप लगाया है।
- स्पेसएक्स जैसे मिशनों को रोक सकते हैं- NASA की सप्लाई करने वाले ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को लेकर मस्क ने चेतावनी दी थी।
वहीं ट्रंप मस्क को इन तरीकों से घेर सकते हैं:
- सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स रद्द कर सकते हैं- टेस्ला और स्पेसएक्स को मिलने वाले अरबों डॉलर के ठेके खतरे में आ सकते हैं।
- टैक्स क्रेडिट खत्म कर सकते हैं- EV सेक्टर को मिलने वाले 7500 डॉलर प्रति वाहन की सब्सिडी खत्म हो सकती है।
- मस्क की नागरिकता और नशीली दवाओं के इस्तेमाल की जांच करा सकते हैं।
- सिक्योरिटी क्लियरेंस रद्द कर सकते हैं- जिससे मस्क को रक्षा और अंतरिक्ष प्रोजेक्ट्स से बाहर किया जा सकता है।
क्या सुलह की कोई संभावना?
सीएनएन को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा- “मैं मस्क के बारे में सोच भी नहीं रहा, लेकिन मैं उसकी अच्छी सेहत की कामना करता हूं।” रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के कॉमन फ्रेंड्स अब सुलह कराने की कोशिश में जुटे हैं। मस्क भी 5 जून के बाद से अब तक कोई नया हमला नहीं किया है।
ये भी पढ़ें- बीजापुर नक्सल एनकाउंटर : नेशनल पार्क में तीसरे दिन मुठभेड़ जारी, दो और नक्सली ढेर; ऑटोमेटिक हथियार बरामद