ताजा खबरराष्ट्रीय

देश में कोरोना मरीजों की संख्या में फिर से इजाफा, 363 एक्टिव केस, 2 की मौत, 27 नए केस

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश में कोरोना के कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 363 हो गई है। वहीं, पिछले दो दिनों में कोरोना के नए वैरिएंट के चलते दो लोगों की मौत हो चुकी है। एक बुजुर्ग की मौत बेंगलुरु में हुई है जबकि दूसरी मौत महाराष्ट्र के ठाणे में दर्ज की गई है।

दो दिनों में दो मौतें, बुजुर्ग और युवा दोनों शिकार

कोरोना के नए वेरिएंट JN.1 की वजह से 84 वर्षीय बुजुर्ग ने बेंगलुरु में दम तोड़ दिया। इससे पहले शनिवार को 21 साल के एक युवक की ठाणे में मौत हो गई थी। इन मौतों ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने के लिए मजबूर कर दिया है।

शनिवार को 23 नए केस, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा

शनिवार को देशभर से 23 नए कोरोना केस सामने आए। महाराष्ट्र में 8 मामले, राजस्थान और कर्नाटक में 5-5 मामले, उत्तराखंड और हरियाणा में 3-3 मामले, मध्य प्रदेश (इंदौर) में 2 मामले और उत्तर प्रदेश (नोएडा) में 1 मामला दर्ज किया गया। इसके साथ ही देश में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 363 तक पहुंच चुकी है।

तेजी से फैलने वाला JN.1 वैरिएंट

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, JN.1 वैरिएंट दुनियाभर में सबसे तेजी से फैलने वाला वेरिएंट बन चुका है। हालांकि यह वैरिएंट गंभीर बीमारी पैदा नहीं करता, फिर भी इसकी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

क्या हैं JN.1 वैरिएंट के लक्षण

JN.1 वैरिएंट तेजी से फैलता है, लेकिन यह बहुत गंभीर नहीं है। यह दुनिया के कई हिस्सों में सबसे आम वैरिएंट है। अगर आपको बुखार, सूखी खांसी, सिरदर्द, आंखों में जलन, स्वाद या गंध का नुकसान, गले में खराश या मांसपेशियों में दर्द जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत अस्पताल जाएं या किसी डॉक्टर से संपर्क करें।

WHO ने क्या कहा

WHO ने कहा है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। NB.1.8.1 वेरिएंट में देखे गए A435S, V445H और T478I जैसे स्पाइक प्रोटीन म्यूटेशन इसे अन्य वेरिएंट्स की तुलना में ज्यादा संक्रामक बनाते हैं। साथ ही, ये म्यूटेशन पूर्व में बनी इम्यूनिटी को बेअसर कर सकते हैं।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button