
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार (2 मई) की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलती हवाओं के साथ भारी बारिश ने पूरे शहर को अस्त-व्यस्त कर दिया। जहां एक तरफ गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी तरफ आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ा।
सड़कों पर जलभराव, कई जगह पेड़ गिरे
तेज बारिश और हवाओं के चलते दिल्ली की कई सड़कों पर पानी भर गया। मिंटो ब्रिज, आईटीओ, पटेल नगर, द्वारका, लक्ष्मी नगर, रोहिणी समेत कई इलाकों में जलजमाव की वजह से यातायात ठप हो गया। भारी बारिश के कारण पेड़ गिरने से कई जगहों पर सड़कें जाम हो गईं और बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
द्वारका में पेड़ गिरने से चार की मौत
द्वारका के खड़खड़ी नहर गांव में तेज हवाओं के चलते एक नीम का पेड़ खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे पर गिर पड़ा। हादसे में कमरे के अंदर सो रही 26 वर्षीय महिला ज्योति और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। पति अजय घायल हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया।
100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी मौसम का असर देखने को मिला। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण टर्मिनल-3 पर एक मेटल स्ट्रक्चर गिर गया। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लगभग 40 फ्लाइट्स को डाइवर्ट किया गया है और 100 से अधिक उड़ानें देर से चल रही हैं। एयर इंडिया समेत कई एयरलाइनों ने यात्रियों को अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
क्यों अचानक बदला मौसम?
दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम के अचानक बदलने की वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और बादलों के एक बड़े समूह (Cloud Mass) को बताया गया है, जो इस वक्त राजधानी के ऊपर से गुजर रहा है। इसके अलावा, उत्तर भारत में प्री-मॉनसून गतिविधियां भी शुरू हो चुकी हैं, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है।
NDMC और सरकार ने लिया हालात का जायजा
NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। जगह-जगह पंप चलाए जा रहे हैं और जलनिकासी का कार्य जारी है। वहीं दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने मिंटो ब्रिज का दौरा कर हालात का जायजा लिया और पाइपलाइन मरम्मत के निर्देश दिए।
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 से 3 मई तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 4 से 6 मई तक रुक-रुककर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बादलों के बड़े समूह और पश्चिमी विक्षोभ को इस बदलाव की वजह बताया गया है।
किन-किन जगहों के लिए चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के साथ ही हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों के लिए चेतावनी दी है। इनमें पानीपत, यमुनानगर, मथुरा, आगरा, भरतपुर, भिवाड़ी आदि शामिल हैं। यहां तेज आंधी, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
नागरिकों के लिए जरूरी सावधानियां
- पेड़ों या टिन की छतों के नीचे न खड़े हों।
- खुले मैदानों और जलस्रोतों से दूर रहें।
- इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
- अगर संभव हो तो यात्रा टालें और घर के अंदर सुरक्षित रहें।
- कमजोर संरचनाओं, जैसे कच्चे मकान या झोपड़ी से दूर रहें।
तापमान और हवा की गुणवत्ता में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री के बीच रहेगा। अच्छी बात यह है कि तेज हवाओं और बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता (AQI) में सुधार आया है। दिल्ली में AQI 169, नोएडा में 139 और गाजियाबाद में 127 दर्ज किया गया।
अगले कुछ दिन ऐसे रह सकता है मौसम
तारीख | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | मौसम का पूर्वानुमान |
3 मई | 38°C | 27°C | तेज हवाएं, हल्की बारिश |
4 मई | 37°C | 26°C | बारिश, तेज हवाएं |
5 मई | 36°C | 26°C | गरज के साथ बारिश |
6 मई | 35°C | 25°C | रुक-रुककर बारिश |
7 मई | 35°C | 25°C | बादल छाए रहेंगे |
ये भी पढ़ें- Aaj ka Panchang 02 May 2025 : वैशाख माह शुक्ल पक्ष पंचमी तिथि, पंचांग से जानें शुभ-अशुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय