
अमेरिका में एक बहुत ही अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंडियाना स्टेट में एक शख्स पत्नी को मारकर अपनी सौतेली बेटी से ही शादी करने के फिराक में था। वह अपनी पत्नी को रास्ते का रोड़ा समझता था, इसलिए वो उसके कोल्ड ड्रिंक और शराब में कोकीन मिलाकर देता था। पत्नी को मारने के लिए शख्स ने MDMA (अवैध रूप से बनाई जाने वाली एक दवा) जैसे घातक ड्रग का भी इस्तेमाल किया। 71 साल के आरोपी का नाम अल्फ्रेड डब्ल्यू रूफ है। उसने अपनी सौतेली बेटी के साथ भाग जाने की प्लानिंग भी की थी। आरोपी शख्स हर हाल में अपनी पत्नी को मारकर सौतेली बेटी से शादी करना चाहता था।
इस घटना में सौतेली बेटी भी थी शामिल
पत्नी को जहर देकर मारने की कोशिश को आरोपी रूफ ने स्वीकार किया है। उसके मुताबिक, साल 2021 के अंत में उसने 12 बार अपनी पत्नी को मारने की कोशिश की। इस साजिश में उसकी सौतेली बेटी ने भी उसका साथ दिया था। उसके मुताबिक, सौतेली बेटी की सहेली ने ही ड्रग्स मुहैया कराया था। वह अपनी मां को बस इसलिए मारना चाहती थी, ताकि वह सौतेले पिता रूफ से शादी कर सके और मां के लाइफ इंश्योरेंस के पैसे को हड़प सके। उसने यूएस वेन काउंटी कोर्ट में अपने अपराध कुबूल किया है।
महिला के ड्रिंक में मिलाता था जहर
आरोपी को उम्मीद थी कि ड्रग और जहर के इस्तेमाल से उसकी पत्नी को मारा जा सकता था। रूफ अपनी पत्नी के ड्रिंक में घातक ड्रग्स और जहर को मिला देता, जिसे पीने के बाद उसकी पत्नी 12-13 घंटे होश में नहीं रहती थी। शुरू में इसकी पत्नी को कुछ पता नहीं लगा, लेकिन 5-6 बार कोकीन का सेवन करने से उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। मेडिकल रिपोर्ट में जब ड्रग के सेवन की बात सामने आई तो उसने पुलिस को बुला दिया। जांच करने पर महिला के शरीर में कोकीन और जहर की मात्रा पाई गई।
आरोपी को चार साल की सजा
महिला ने जब पुलिस को ड्रिंक की गिलास को मुहैया कराया तो पुलिस ने उसमें जहर मिलने की पुष्टि की। इसके बाद शक के आधार पर उसके पति को तुरंत गिरफ्तार किया गया। आरोपी रूफ को चार साल की सजा सुनाई गई है। अभी पीड़ित महिला की बेटी और उसकी सहेली की गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ जांच की जा रही है।