
प्रयागराज। फूलपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य के समर्थन में आयोजित एक संयुक्त रैली के दौरान मंच पर भारी अव्यवस्था की वजह से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिना भाषण दिए ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।
बेकाबू हुई भीड़, बैरिकेडिंग तोड़ी
जानकारी के अनुसार, इंडिया गठबंधन की रैली में सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सभा मुखिया अखिलेश यादव को देखने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई। कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुस गए। कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए। कार्यकर्ताओं की इस हरकत से राहुल गांधी और अखिलेश नाराज होकर बिना कुछ बोले ही चले गए। दोनों नेता हेलिकॉप्टर में बैठकर यहां से रवाना हो गए।
देखें वीडियो….
दोनों नेताओं ने सभा को नहीं किया संबोधित
समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग बैरिकेड तोड़कर मंच पर चढ़ गए जिससे मंच पर जगह ही नहीं बची। उन्होंने कहा कि फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में पड़िला महादेव में आयोजित इस रैली में अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनों मौजूद थे, लेकिन दोनों ने ही सभा को संबोधित नहीं किया। इस वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि अब दोनों नेता यमुनापार के मुंगारी में संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे।
इलाहाबाद सीट कांग्रेस, फूलपुर सीट सपा को
‘इंडिया’ गठबंधन ने इलाहाबाद सीट कांग्रेस को दी है जहां से उज्ज्वल रमण सिंह प्रत्याशी हैं। वहीं फूलपुर सीट से समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य को मैदान में उतारा है। ‘इंडिया’ गठबंधन की रविवार को दो रैलियां प्रस्तावित थीं।